मेरठ 8 जून (आरएनएस )। लालकुर्ती के घोसी मोहल्ला में बीएएमएस की एक छात्रा ने फांसी के फंदे पर लटककर जान दे दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव कब्जे में लेकर मर्चरी भेज दिया। पुलिस स्वजन से आत्महत्या करने का कारण जानने का प्रयास कर रही है। स्वजन जानकारी से इन्कार कर रहे हैं।
लालकुर्ती के तारापुरी निवासी अरीबा दिल्ली रोड स्थित एक आयुर्वेदिक कालेज में बीएएमएस की द्वितीय वर्ष की छात्रा थी। उसके दादा-दादी व चाचा लालकुर्ती के घोसी मोहल्ला में रहते हैं। वह अक्सर पिता के घर से दादा-दादी के पास चली जाती है। स्वजन ने बताया कि रविवार सुबह वह घर से दादा-दादी के पास जाने की बात कहकर गई थी।
शाम को वह खाना खाकर अपने कमरे में चली गई। काफी देर तक जब उसने दरवाजा नहीं खोला तो स्वजन ने दरवाजा खटखटाया। अरीबा ने गेट नहीं खोला। कमरे में भी कोई हलचल नहीं हुआ तो स्वजन ने दरवाजा तोड़ दिया। अंदर अरीबा पंखे से बंधे फंदे से लटकी हुई थी। स्वजन उसे तत्काल जसवंत राय स्पेशलिटी हास्पिटल ले गए। यहां डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
हास्पिटल की सूचना पर लालकुर्ती थाना पुलिस मौके पर पहुंची तथा अरीबा का शव कब्जे में लेकर मर्चरी भेजा। पुलिस अरीबा के आत्महत्या करने की जानकारी कर रही है।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

