डीएम व एसपी ने किया परीक्षा केन्द्रों का निरीक्षण
सुलतानपुर(आरएनएस )। उत्तर प्रदेश पुलिस आरक्षी नागरिक पुलिस एवं समकक्ष पदों की भर्ती परीक्षा को सकुशल, निष्पक्ष एवं पारदर्शी ढंग से सम्पन्न कराने के उद्देश्य से जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आया। इसी क्रम में जिलाधिकारी इन्द्रजीत सिंह एवं पुलिस अधीक्षक चारु निगम ने जनपद के विभिन्न परीक्षा केन्द्रों का संयुक्त रूप से निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने परीक्षा केन्द्रों पर सुरक्षा व्यवस्था, अभ्यर्थियों की प्रवेश प्रक्रिया, सीसीटीवी कैमरों की कार्यशीलता, परीक्षा कक्षों की व्यवस्थाएं, विद्युत आपूर्ति एवं पेयजल जैसी मूलभूत सुविधाओं का गहन निरीक्षण किया। साथ ही केन्द्र व्यवस्थापकों एवं संबंधित अधिकारियों को परीक्षा की गोपनीयता एवं निष्पक्षता बनाए रखने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए गए। पुलिस अधीक्षक चारु निगम ने परीक्षा ड्यूटी में तैनात पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को पूरी सतर्कता और संवेदनशीलता के साथ ड्यूटी करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि पाए जाने पर तत्काल प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। परीक्षा को शांतिपूर्ण एवं नकलविहीन वातावरण में सम्पन्न कराने के लिए पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती भी सुनिश्चित की गई है। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को शासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का अक्षरश: पालन कराने तथा अभ्यर्थियों को किसी प्रकार की असुविधा न होने देने के निर्देश दिए। जनपद प्रशासन एवं पुलिस विभाग द्वारा भर्ती परीक्षा को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं सुव्यवस्थित ढंग से सम्पन्न कराने हेतु सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

