दुबेपुर ब्लॉक के भाईं गांव का मामला, सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल
सुल्तानपुर 8 जून (आरएनएस)। दुबेपुर ब्लॉक स्थित भाईं गांव में जल जीवन मिशन के तहत निर्मित पानी की टंकी में कथित लीकेज का मामला सामने आया है। टंकी से पानी रिसाव का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसे लेकर ग्रामीणों में नाराजगी देखी जा रही है।
ग्रामीणों का आरोप है कि टंकी से पिछले कई महीनों से लगातार पानी बह रहा है, जिससे प्रतिदिन बड़ी मात्रा में पानी बर्बाद हो रहा है। स्थानीय लोगों के अनुसार समस्या की जानकारी संबंधित अधिकारियों को पहले भी दी गई थी, लेकिन अब तक स्थायी समाधान नहीं कराया गया। टंकी पर तैनात गार्ड ने भी दावा किया है कि पानी रिसाव की समस्या लंबे समय से बनी हुई है। उसका आरोप है कि हाल में निरीक्षण के लिए पहुंचे अधिकारियों के समक्ष वास्तविक स्थिति पूरी तरह नहीं रखी गई। ग्रामीणों के मुताबिक मामले की जांच के लिए जिला विकास अधिकारी, खंड विकास अधिकारी एवं अन्य अधिकारियों ने दौरा किया था। हालांकि ग्रामीणों का कहना है कि निरीक्षण के दौरान टंकी की वास्तविक स्थिति पर पर्याप्त ध्यान नहीं दिया गया।
स्थानीय लोगों ने मांग की है कि मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाए तथा यदि निर्माण कार्य में लापरवाही या तकनीकी खामी पाई जाए तो जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जाए। साथ ही टंकी की शीघ्र मरम्मत कर पानी की बर्बादी रोकने की मांग भी उठाई गई है।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

