आजमगढ़ 8 जून(आर एन एस)जनपद में रक्तदान सेवाओं को और अधिक सुदृढ़ एवं सुविधाजनक बनाने की दिशा में मंडलीय जिला चिकित्सालय स्थित ब्लड बैंक के विस्तार की महत्वपूर्ण परियोजना अब मूर्त रूप लेने जा रही है। जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार की परिकल्पना एवं सतत प्रयासों से तैयार कराया गया ब्लड बैंक का नवनिर्मित भवन अंतिम चरण की तैयारियों में है। सोमवार को मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. एन. आर. वर्मा ने ब्लड बैंक परिसर पहुंचकर विस्तारित भवन एवं वहां संचालित की जा रही व्यवस्थाओं का औचक निरीक्षण किया।निरीक्षण के दौरान मुख्य चिकित्साधिकारी ने भवन की संरचना, उपलब्ध सुविधाओं तथा शेष कार्यों की प्रगति का जायजा लिया। उन्होंने पाया कि ब्लड बैंक विस्तार के तहत निर्मित नया भवन पूर्ण रूप से तैयार हो चुका है। भवन में विद्युत व्यवस्था, फ्लोरिंग एवं अन्य आधारभूत निर्माण कार्य पूर्ण कर लिए गए हैं। पंखों की स्थापना हो चुकी है तथा वातानुकूलन (एसी) की व्यवस्था को अंतिम रूप दिया जा रहा है।मुख्य चिकित्साधिकारी ने बताया कि विस्तारित ब्लड बैंक में 10 बेड का आधुनिक ब्लड डोनेशन सेंटर स्थापित किया गया है, जहां रक्तदान करने वाले लोगों को अधिक सुविधाजनक, सुरक्षित एवं व्यवस्थित वातावरण उपलब्ध कराया जाएगा। रक्त संग्रहण से संबंधित आवश्यक उपकरणों की उपलब्धता सुनिश्चित कर ली गई है तथा शेष उपकरणों की स्थापना अगले दो से तीन दिनों में पूर्ण हो जाएगी।डॉ. वर्मा ने कहा कि जनपद में बढ़ती आवश्यकता को देखते हुए ब्लड बैंक का यह विस्तार अत्यंत महत्वपूर्ण है। इससे रक्तदान की क्षमता में वृद्धि होगी, रक्तदाताओं को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी तथा जरूरतमंद मरीजों के लिए समय पर सुरक्षित रक्त उपलब्ध कराने की व्यवस्था और अधिक मजबूत होगी।उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि भवन की आंतरिक साज-सज्जा, पर्दों की स्थापना तथा अन्य अवशेष कार्यों को गुणवत्ता के साथ शीघ्र पूर्ण कराया जाए, ताकि आगामी दो से तीन दिनों में विस्तारित ब्लड बैंक को पूर्ण रूप से संचालित किया जा सके। मुख्य चिकित्साधिकारी ने कहा कि जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार के मार्गदर्शन एवं विशेष रुचि के परिणामस्वरूप ब्लड बैंक विस्तार की यह परियोजना साकार हो सकी है। इसके संचालन से न केवल रक्तदान को प्रोत्साहन मिलेगा बल्कि जनपद की स्वास्थ्य सेवाओं को भी नई मजबूती प्राप्त होगी। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि विस्तारित ब्लड बैंक जनपदवासियों के लिए एक महत्वपूर्ण स्वास्थ्य सुविधा के रूप में स्थापित होगा और आपातकालीन परिस्थितियों में मरीजों को बेहतर सहायता प्रदान करेगा।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

