पन्ना 8 जून (आरएनएस)। जिले के उड़की के पास सोमवार को एक बाइक अचानक सड़क पर आई गाय से टकरा गई। इस हादसे में बाइक सवार तीन लोग गंभीर घायल हो गए, जिनमें छतरपुर में पदस्थ एक पुलिस आरक्षक भी शामिल है। सभी को स्थानीय लोगों ने ऑटो से जिला अस्पताल पन्ना में भर्ती कराया है, जहां उनका इलाज चल रहा है।
जानकारी के अनुसार, बिलखुरा निवासी 24 वर्षीय पुलिस आरक्षक बृजेन्द्र सिंह गौंड, द्वारी निवासी 60 वर्षीय हक्कू आदिवासी और 42 वर्षीय राजकुमार आदिवासी के साथ बाइक से बिलखुरा से पन्ना की ओर आ रहे थे। घायल हक्कू और राजकुमार पेशे से मजदूर हैं।
उड़की के पास पहुंचने पर अचानक एक गाय सड़क पर आ गई, जिसके चलते तेज रफ्तार बाइक बेकाबू होकर सीधे मवेशी से जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि तीनों बाइक सवार सड़क पर दूर जा गिरे और उन्हें गंभीर चोट आईं।
बता दें कि, इसी क्षेत्र में एक दिन पहले भी एक त्रिकोणीय सड़क हादसा हुआ था, जिसमें दो लोगों की जान चली गई थी। लगातार दूसरे दिन उसी इलाके में हुए इस हादसे की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मामले को संज्ञान में लेकर जांच शुरू कर दी है।

