रायगढ़ 9 जून (आरएनएस) ब्रांडेड शराब की बोतलों में परोसा जा रहा था मौत का जाम, लेकिन पुलिस की एक सटीक रेड ने पूरे खेल का पर्दाफाश कर दिया। रायगढ़ पुलिस और आबकारी विभाग की संयुक्त टीम ने “ऑपरेशन आघात” के तहत कोतरारोड़ थाना क्षेत्र के ग्राम धनागर में दबिश देकर नकली शराब के संगठित नेटवर्क का भंडाफोड़ किया है। कार्रवाई में 869 नग यानी करीब 240 लीटर नकली शराब, स्प्रिट, ड्रम, खाली बोतलें, 560 ढक्कन और पैकिंग सामग्री जब्त की गई, जिससे लगभग 2 लाख 16 हजार 245 रुपये का अवैध मुनाफा होने का अनुमान है। पुलिस ने ग्राम धनागर निवासी दुष्यंत पटेल उर्फ पप्पू (47 वर्ष), पिता पुरुषोत्तम पटेल को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि उसके भाई सुभाष पटेल और साथी विनय सिंह फरार हैं, जिनकी तलाश जारी है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देश पर मिली पुख्ता सूचना के बाद थाना कोतरारोड़, साइबर सेल और आबकारी विभाग की संयुक्त टीम ने पहले ग्राहक बनाकर शराब खरीदी। जांच में बोतलों के लेबल, होलोग्राम, स्वाद और सुगंध संदिग्ध पाए गए। इसके बाद आरोपी के घर पर दबिश दी गई, जहां गाय रखने वाले कोठे से रॉयल स्टेज, आईबी, ब्लैक डॉग, गोवा, रिजर्व क्वार्टर, गोल्डन गोवा और किंगफिशर जैसे नामी ब्रांड की पैकेजिंग में भारी मात्रा में नकली शराब बरामद हुई। पूछताछ में आरोपी ने खुलासा किया कि कोरोना काल से यह गिरोह अरुणाचल प्रदेश, झारखंड और छत्तीसगढ़ से शराब लाकर उसमें स्प्रिट व अन्य पदार्थ मिलाकर मात्रा बढ़ाता था। पुरानी बोतलों पर नकली लेबल और फर्जी होलोग्राम लगाकर शराब को असली बताकर बाजार में खपाया जाता था, जिससे लोगों की जान के साथ खुला खिलवाड़ किया जा रहा था।
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 61(2), 336(3), 336(4), 340(2), 275 तथा आबकारी अधिनियम की धारा 34(2), 36-च, 34(1)(क)(ख) और 59-क के तहत मामला दर्ज कर लिया है। गिरफ्तार आरोपी को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। बहरहाल, रायगढ़ पुलिस का साफ संदेश है कि अवैध शराब के कारोबार से लोगों की जिंदगी से खिलवाड़ करने वाले किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा और “ऑपरेशन आघात” का वार लगातार जारी रहेगा।


