मेरठ 9 जून (आरएनएस )। ब्रह्मपुरी थाना क्षेत्र में दो दिन पहले दबंगई का विरोध करने पर स्थानीय दबंगों ने महिला अधिवक्ता के घर पर हमला बोलते हुए जमकर पथराव किया। जिसमें महिला अधिवक्ता के कई परिजन चोटिल हो गए और घर के बाहर खड़े वाहन भी क्षतिग्रस्त हो गए। हमले की यह घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। इसके बाद अधिकारियों ने कार्रवाई के आदेश दिये हैं।
ब्रह्मपुरी थाना क्षेत्र के बागडिय़ान मौहल्ला माता का बाग के रहने वाले कुलविंदर कंडारी ने बताया कि उनका परिवार मूल रूप से उत्तराखंड का रहने वाला है। पिछले 60 वर्षों से वह इस मकान में रह रहे हैं। कुलविंदर का आरोप है कि पांच दिन पहले पड़ोस में रहने वाले कुछ दबंग अपनी एक रिश्तेदार महिला को पीट रहे थे।
कुलविंदर की अधिवक्ता भतीजी ने दबंगों का विरोध करते हुए बीच बचाव करा दिया। आरोप है कि इसके बाद रविवार की रात दबंगों ने कुलविंदर के घर पर हमला बोलते हुए जमकर पथराव किया। जिसमें घर के कई लोग घायल हो गए। वहीं, घर के बाहर खड़े कई वाहन भी क्षतिग्रस्त हो गए। मारपीट और पथराव की यह घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। दहशत में आए पीडि़त परिवार ने घटना की लाइव फुटेज अधिकारियों को सौंपते हुए आरोपियों के खिलाफ तहरीर दी है।
सीओ ब्रह्मपुरी ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया जा रहा है।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

