मेरठ 9 जून (आरएनएस )। लिसाड़ी गेट थाना क्षेत्र में मनचलों की दहशत के चलते पांचवी की छात्रा ने स्कूल जाना छोड़ दिया। आरोप है कि इसके बावजूद आए-दिन दबंग रास्ते में रोक कर छात्रा के साथ छेड़छाड़ करते। जिसका विरोध करने पर मनचलों ने छात्रा के परिवार की पिटाई कर डाली। कई दिन से थाने के चक्कर काट रही पीडि़ता और उसकी मां ने अधिकारियों से मदद की गुहार लगाई है।
लिसाड़ी गेट क्षेत्र की रहने वाली 13 वर्षीय किशोरी अपनी मां के साथ एसएसपी ऑफिस पहुंची। पीडि़ता ने बताया कि वह स्थानीय स्कूल में कक्षा पांच की छात्रा है।
छात्रा का आरोप है कि लक्खीपुरा गली नंबर 18 के रहने वाले सलमान और वसीम पिछले तीन-चार महीने से स्कूल जाते समय रास्ते में रोक कर उससे छेड़छाड़ करते थे। दहशत में छात्रा ने स्कूल जाना छोड़ दिया। चार जून को पीडि़ता रास्ते से गुजर रही थी।
इसी दौरान दोनों आरोपियों ने छात्रा को अपने घर में खींचने की कोशिश करते हुए उससे छेड़छाड़ की। मामले की जानकारी मिलने पर छात्रा की नानी, मामा और खाला ने आरोपियों का विरोध किया तो दबंगों ने उनकी पिटाई कर डाली। पीडि़ता की मां का आरोप है कि थाने में तहरीर देने के बावजूद पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की है। अधिकारियों ने मामले में जांच और कार्यवाही के आदेश दिए हैं।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

