जौनपुर 9 जून (आरएनएस )। नाबालिग चालकों द्वारा ई-रिक्शा चलाने से यातायात जाम और दुर्घटनाओं की बढ़ती घटनाओं को रोकने के लिए यातायात पुलिस ने एक विशेष अभियान शुरू किया है। इस अभियान के तहत बिना नंबर वाले और फिटनेस फेल ई-रिक्शा पर भी कड़ी कार्रवाई की जाएगी।जिले में वर्तमान में लगभग आठ हजार ई-रिक्शा पंजीकृत हैं, और इनकी संख्या लगातार बढ़ रही है। शहर में ई-रिक्शा के लिए 16 रूट निर्धारित किए गए हैं, लेकिन चालक अक्सर मनमाने ढंग से वाहन चलाते हैं। किशोरों को यातायात नियमों की जानकारी न होने के कारण आए दिन जाम की स्थिति बनती है और दुर्घटनाएं होती हैं।नियमों का उल्लंघन करने वाले ई-रिक्शा से हादसों में वृद्धि हुई है। कई फिटनेस फेल ई-रिक्शा भी सड़कों पर दौड़ रहे हैं, जिससे यात्रियों की जान जोखिम में रहती है। बड़ी संख्या में किशोर भी ई-रिक्शा चला रहे हैं, जो सुरक्षा मानकों का उल्लंघन है।यातायात निरीक्षक (टीआई) मनोज पांडेय ने बताया कि यदि कोई किशोर ई-रिक्शा चलाते हुए पाया जाता है, तो उसका वाहन तत्काल जब्त कर लिया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि पहले भी कई बार चेतावनी दी जा चुकी है, लेकिन स्थिति में कोई सुधार नहीं हुआ है। लोगों के जीवन से खिलवाड़ किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। बताया कि जल्द ही एक व्यापक अभियान चलाकर नियम तोडऩे वालों और फिटनेस फेल ई-रिक्शा पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। इस अभियान में एआरटीओ प्रशासन भी यातायात पुलिस का सहयोग करेगा। बिना नंबर वाले ई-रिक्शा की दुर्घटना होने पर उनकी पहचान करना मुश्किल होता है, इसलिए इस नियम का सख्ती से पालन सुनिश्चित किया जाएगा।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

