-चीफ पोस्टमास्टर जनरल ने नारायण आश्रम शाखा डाकघर में की डाक सेवाओं की समीक्षा
-दर्जनों कन्याओं को सुकन्या समृद्धि पासबुक का किया वितरण
अयोध्या 9 जून (आरएनएस)। जनपद के नारायण आश्रम शाखा डाकघर व रानोपाली शाखा डाकघर का चीफ पोस्टमास्टर जनरल उ0प्र0 परिमण्डल प्रणव कुमार ने वीक्षण किया साथ ही 35 शाखा डाकघरों के कार्य की समीक्षा की। समीक्षा के दौरान चीफ पोस्टमास्टर जनरल उत्तर प्रदेश परिमण्डल प्रणव कुमार ने कहा कि डाक विभाग केवल पत्र पहुँचाने का माध्यम ही नहीं, बल्कि बदलते परिवेश मे ग्रामीण अर्थव्यवस्था की रीढ़ है तथा डाकघर अब ग्रामीण क्षेत्रों से लेकर शहरी क्षेत्रों तक वित्तीय समावेशन का सशक्त माध्यम है। उन्होंने सभी कर्मचारियों को समर्पण भाव से कार्य करने के लिए प्रेरित किया। सुकन्या समृद्धि योजना एवं महिला सशक्तिकरण कार्यक्रम के दौरान चीफ पोस्टमास्टर जनरल उत्तर प्रदेश ने बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ अभियान को गति देते हुए नन्हीं बालिकाओं को सुकन्या समृद्धि योजना (एसएसए) की पासबुकें प्रदान कीं। उन्होंने उपस्थित अभिभावकों को बेटियों के उज्ज्वल भविष्य के लिए बचत के महत्व से अवगत कराया। साथ ही कहा कि बेटियों को आर्थिक आजादी देने के लिए डाकघर की सुकन्या योजना बहुत ही लाभकारी है इससे बेटियाँ भविष्य में डॉक्टर, इंजीनियर आदि की शिक्षा ग्रहण करने में सफल हो सकेंगी और बताया कि समाज में भ्रूण हत्या जैसे जघन्य अपराधों पर नियंत्रण होगा तथा अगर महिलाएं सशक्त होंगी तो समाज भी व्याप्त कुरीतियाँ धीरे-धीरे समाप्त हो जायेंगी द्य आज की बच्चियाँ कल की भावी नागरिक हैं जो आजादी के 100 साल पूरा होने पर अपना अप्रतिम योगदान दे सकेंगी, उसके लिए उन्हें शिक्षित व स्वावलम्बी होना आवश्यक है जिसमें एसएसए के माध्यम से की गई बचत बहुत सहायता प्रदान करेगी। प्रणव कुमार ने जनता से अपील करते हुए कहा कि डाकघर में सुकन्या समृद्धि योजना से खुद भी जुड़े साथ ही सामाजिक दायित्व का निर्वहन करते हुए अपने आस पास के परिवार को बेटियों के भविष्य को सँवारने के लिए सुकन्या समृद्धि खाता खुलवाने के लिए प्रेरित भी करें। अयोध्या से 103 सुकन्या समृद्धि खाते भी खोले गए । उत्कृष्ट कार्य करने वाले शाखा डाकपाल पूनम सिंह कोटसराय, अदिति जोशी हरिपुर जलालाबाद, अभिनव मिश्रा वाटरवक्र्स को पुरस्कृत किया गया।
चीफ पोस्टमास्टर जनरल प्रणव कुमार ने विभाग की विभिन्न योजनाओं की प्रगति की गहन समीक्षा की। उन्होंने ग्रामीण डाक सेवकों के साथ सीधा संवाद कर उनकी समस्याओं को सुना और उनके बहुमूल्य सुझावों पर चर्चा की। उन्होंने ग्रामीण डाक सेवकों से कहा कि डाक सेवा जन- सेवा के तहत बचत खाते (पीओएसबी ), सुकन्या समृद्धि खाते, पीपीएफ और डाक जीवन बीमा एवं ग्रामीण डाक जीवन बीमा (पीएलआई/आरपीएलआई) जैसी योजनाओं को गाँव के अंतिम व्यक्ति तक पहुँचाना होगा दक्षता में वृद्धि- डाक की बुकिंग और डिलीवरी प्रक्रिया को और अधिक सुलभ और तेज बनाना। तकनीकी मार्गदर्शन- ग्रामीण क्षेत्रों में डिजिटल बैंकिंग और डाक सेवाओं के एकीकरण पर बल देना। अयोध्या मंडल की अधीक्षक डाकघर मनोज कुमार श्रीवास्तव ने मुख्य अतिथि का स्वागत बुके व शॉल ओढ़ाकर किया। इस अवसर पर सीनियर पोस्टमास्टर किरण सिंह, सहायक डाक अधीक्षक ओमेश्वर, डाक निरीक्षक अभिनव गुप्ता, विकास निषाद व विपणन कार्यकारी सत्येन्द्र प्रताप सिंह सहित मण्डल के कई डाक कर्मचारी मौजूद रहे।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

