विकासनगर,09 जून(आरएनएस)। मौसम में लगातार बदलाव हो रहा है। पिछले दिनों बारिश होने से तापमान में गिरावट दर्ज की गई थी, लेकिन मंगलवार को विकासनगर में एक बार फिर पारा 39 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया। इसके साथ ही गर्म हवा चलने से लोग गर्मी से बेहाल हैं। न्यूनतम तापमान भी 28 डिग्री दर्ज किया गया। मंगलवार सुबह से ही तेज धूप लगने लगी थी जिससे लोग घरों में रहने को मजबूर हो गए। जो लोग रोजमर्रा की जरूरतों के लिए निकले वो गर्मी से परेशान रहे। लोग गर्मी से बचने के लिए जहां छांव दिखी वहीं ठहर गए। दोपहर के समय में तो सड़कों पर सन्नाटा पसर जा रहा है। इससे दुकानदारों को भी परेशानी झेलनी पड़ रही है। वजह यह है कि गर्मी के चलते ग्राहक दुकान पर नहीं आ रहे हैं। लोग गर्मी से बचने के लिए जगह-जगह लगे सिकंजी, बेल का शर्बत, नींबू पानी, नारियल पानी, गन्ने का रस आदि की दुकानों पर पहुंचकर उसका सेवन कर रहे हैं। अस्पतालों में भी बुखार, उल्टी- दस्त आदि के मरीजों की संख्या में इजाफा हो गया है। उप जिला चिकित्सालय में इन दिनो ओपीडी छह सौ के पार पहुंच गई है। सीएमएस डॉ. प्रदीप चौहान ने बताया कि बीते चार दिनो से प्रत्येक दिन सौ से अधिक मरीज डिहाइड्रेशन, बुखार के उपचार के लिए आ रहे हैं।
ऐसे करें गर्मी से बचाव: उप जिला चिकित्सालय के वरिष्ठ चिकित्सक डा. टीएस डुंगरियाल ने गर्मी से बचाव को लेकर सलाह दी है। उनके मुताबिक दोपहर 12 बजे से 4 बजे के बीच बाहर निकलने से बचें, जरूरी होने पर सिर को कपड़े, टोपी या छाते से ढककर निकलें। शरीर में पानी की कमी न होने दें, प्रत्येक 30 मिनट बाद थोड़ा पानी पिएं। नारियल पानी, नींबू पानी लेना भी फायदेमंद है। गहरे रंग और टाइट कपड़े पहनने से शरीर में गर्मी बढ़ती है, हल्के रंग के सूती कपड़े पहनें। तली-भुनी व भारी चीजों की बजाय हल्का भोजन करें। मौसमी फल जैसे तरबूज, खीरा, ककड़ी ज्यादा खाएं। यदि शरीर गर्म हो रहा हो तो गीले कपड़े से शरीर पोछें, ठंडी जगह पर रहें या पंखा चलाएं। तेज दौड़, व्यायाम या मेहनत वाले काम करने से बचें।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

