कबीरधाम 10 जून (आरएनएस) सुबह 5:30 बजे जब अधिकांश लोग नींद में थे, तभी घुघरी रोड स्थित अटल आवास परिसर पुलिस सायरनों से गूंज उठा। कबीरधाम पुलिस की ताबड़तोड़ रेड ने पूरे इलाके में हड़कंप मचा दिया। संदिग्ध महिला-पुरुषों से पूछताछ शुरू हुई, छिपाकर रखी गई अवैध शराब बरामद हुई और कई असामाजिक तत्व पुलिस को देखकर मौके से फरार हो गए।
कबीरधाम जिले में कानून व्यवस्था को और मजबूत बनाने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक धर्मेंद्र सिंह के नेतृत्व में बुधवार 10 जून 2026 की सुबह घुघरी रोड स्थित अटल आवास परिसर में विशेष सघन अभियान चलाया गया। पुलिस को लगातार सूचना मिल रही थी कि परिसर में बाहरी लोगों का संदिग्ध रूप से निवास है और यहां विभिन्न असामाजिक गतिविधियां संचालित हो रही हैं। सूचना की गंभीरता को देखते हुए तत्काल विशेष टीम गठित कर रेड की गई। कार्रवाई के दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पुष्पेंद्र बघेल, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अमित पटेल, उप पुलिस अधीक्षक मुख्यालय आशीष शुक्ला, रक्षित निरीक्षक पुष्पेंद्र सिंह, थाना सिटी कोतवाली, एएनटीएफ, साइबर सेल, महिला सेल सहित बड़ी संख्या में महिला एवं पुरुष पुलिस बल मौजूद रहा। तलाशी के दौरान कई संदिग्ध महिला और पुरुष मिले, जिनसे पूछताछ जारी है। वहीं परिसर के अलग-अलग स्थानों से छिपाकर रखी गई अवैध शराब भी बरामद की गई। पुलिस बरामद सामग्री और अन्य तथ्यों की जांच कर नियमानुसार अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की प्रक्रिया पूरी कर रही है। इस दौरान कुछ असामाजिक तत्व पुलिस टीम को देखकर मौके से भाग निकले, जिनकी पहचान और तलाश जारी है। पुलिस अधीक्षक धर्मेंद्र सिंह ने स्पष्ट कहा कि जिले में अवैध और असामाजिक गतिविधियों में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और ऐसी कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।

