बलौदाबाजार, 10 जून (आरएनएस)। जिले के ग्राम संडी में शराब कारोबार से जुड़ा एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। ग्रामीणों के दावे के अनुसार शराब दुकान से जुड़े एक सेल्समैन के घर पर बड़ी मात्रा में खाली शराब की बोतलें, ब्रांडेड स्टीकर, ढक्कन और शराब तैयार करने में इस्तेमाल होने वाला संदिग्ध सामान मिला है। घटना के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया है और आबकारी विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठने लगे हैं।
जानकारी के मुताबिक मंगलवार देर रात ग्रामीणों ने शराब दुकान के आसपास दो युवकों को झोले में शराब ले जाते हुए पकड़ा। ग्रामीणों द्वारा पूछताछ किए जाने पर दोनों ने कथित तौर पर बताया कि वे शराब दुकान के सेल्समैन सूरज टंडन के घर से शराब लेकर आए हैं और उसे दुकान तक पहुंचाना था। युवकों के बयान के बाद ग्रामीण सीधे संबंधित सेल्समैन के घर पहुंचे। वहां बड़ी संख्या में खाली शराब की बोतलें, विभिन्न ब्रांडों के स्टीकर, ढक्कन और अन्य सामान मिलने का दावा किया गया। इसके बाद गांव में यह चर्चा तेज हो गई कि कहीं लंबे समय से कथित तौर पर नकली या मिलावटी शराब तैयार कर ग्राहकों तक तो नहीं पहुंचाई जा रही थी।
घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस और आबकारी विभाग की टीम ने भी मामले को गंभीरता से लिया है। हालांकि अभी तक किसी भी अधिकारी ने यह पुष्टि नहीं की है कि बरामद सामान का उपयोग नकली शराब बनाने में किया जा रहा था। अधिकारियों का कहना है कि जांच और परीक्षण रिपोर्ट के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
बंछोर
000
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

