जांजगीर-चांपा, 10 जून (आरएनएस)। अकलतरा थाना क्षेत्र के कोटमीसोनार पुलिस सहायता केंद्र अंतर्गत ग्राम पिपरसत्ती में छत ढलाई के लिए मिक्सर मशीन ले जाने को लेकर शुरू हुआ विवाद हिंसक झड़प में बदल गया। दोनों पक्षों के बीच जमकर मारपीट और लाठी-डंडे चलने से कई लोग घायल हो गए। मामले की सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया और शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पांच लोगों के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की।
पुलिस के अनुसार ग्राम पिपरसत्ती निवासी कन्हैयालाल पुरहोले (41 वर्ष) और सुरेंद्र कुमार (33 वर्ष) के बीच छत ढलाई के लिए मिक्सर मशीन ले जाने की बात को लेकर कहासुनी हुई थी। विवाद बढ़ते-बढ़ते दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए और मारपीट शुरू हो गई, जिसमें दोनों पक्षों के लोगों को चोटें आईं।
बताया गया कि इस मामले में दोनों पक्षों की शिकायत पर पहले भी थाना अकलतरा में अपराध दर्ज किया जा चुका था। पुलिस ने पूर्व में दोनों पक्षों को समझाइश देकर तहसील न्यायालय के माध्यम से प्रतिबंधित भी कराया था, लेकिन इसके बावजूद विवाद दोबारा भड़क गया।
9 जून को पुन: विवाद की सूचना मिलने पर कोटमीसोनार पुलिस सहायता केंद्र ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पांच लोगों के विरुद्ध धारा 170/126 एवं 135(3) बीएनएसएस के तहत इस्तगासा तैयार कर उन्हें तहसील न्यायालय अकलतरा में पेश किया। न्यायालय ने सभी को अधिकतम राशि पर बाउंड ओवर करते हुए भविष्य में शांति भंग नहीं करने के निर्देश दिए।
पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय के निर्देशन में की गई इस कार्रवाई में कोटमीसोनार सहायता केंद्र प्रभारी उपनिरीक्षक विनोद जाटवर, प्रधान आरक्षक अनिल हंसराज, जितेश कुमार, राजेंद्र राठौर, आरक्षक दुग्गा एवं थाना स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि कानून-व्यवस्था बिगाडऩे और शांति भंग करने वालों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
0
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

