अंबिकापुर, 10 जून (आरएनएस)। सरगुजा जिले के लुण्ड्रा थाना क्षेत्र में डायल-112 वाहन में तैनात आरक्षक पर जानलेवा हमला करने के मामले में पुलिस ने सख्त कार्रवाई करते हुए चार और आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया है। आरोपियों ने ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मी को लोहे की रॉड से हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया था।
पुलिस के अनुसार, 3 जून 2026 की रात डायल-112 को महोरा आम बगीचा क्षेत्र में मारपीट की सूचना मिली थी। सूचना पर थाना लुण्ड्रा में पदस्थ आरक्षक बहाल राम और चालक डेविड कुजूर मौके पर पहुंचे। वहां कुछ लोग शराब के नशे में आपस में झगड़ा कर रहे थे, जो पुलिस वाहन को देखकर भाग गए।
पुलिस टीम जब स्थिति को संभालकर वापस लौट रही थी, तभी बड़ी संख्या में लोग डंडा और लोहे की रॉड लेकर पहुंच गए। आरोपियों ने पुलिसकर्मियों को घेरकर बंधक बना लिया और गाली-गलौज करने लगे। समझाने का प्रयास करने पर आरोपियों ने अचानक आरक्षक बहाल राम पर लोहे की रॉड से हमला कर दिया। हमले में आरक्षक के सिर और हाथ में गंभीर चोटें आईं और वह बेहोश हो गए। चालक ने किसी तरह उन्हें बचाकर अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका उपचार कराया गया।
घटना की रिपोर्ट पर थाना लुण्ड्रा में अपराध दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की। विवेचना के दौरान आरोपियों की पहचान दिलबर नागेश, आकाश कुमार, अनुक साय पैंकरा, अजीत पैंकरा एवं अन्य साथियों के रूप में हुई। मामले में पहले ही अनुक साय पैंकरा और अजीत पैंकरा को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका था।
फरार आरोपियों की तलाश के दौरान पुलिस ने बुधवार को दिलबर नागेश (21 वर्ष) निवासी महोरा, संतोष पैंकरा (30 वर्ष) निवासी कुदर, लक्ष्मी नारायण (22 वर्ष) निवासी महोरा तथा आकाश कुमार (18 वर्ष) निवासी लुण्ड्रा को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया।
सरगुजा पुलिस ने बताया कि सरकारी कार्य में बाधा पहुंचाने और पुलिसकर्मियों पर हमला करने वालों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई जारी रहेगी। इस कार्रवाई में थाना लुण्ड्रा के उप निरीक्षक शिवचरण राम साहू, प्रधान आरक्षक नारायण मिंज, आरक्षक संजय केरकेट्टा, इबनुल खान सहित पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
०
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

