रायगढ, 10 जून (आरएनएस)। रायगढ़ पुलिस ने नकली शराब के संगठित नेटवर्क के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन आघात के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए फरार आरोपी सुभाष चन्द्र पटेल को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी को उसके जोरापाली स्थित फार्म हाउस से पकड़ा गया, जहां से नकली शराब तैयार करने में प्रयुक्त सामग्री भी बरामद की गई है।
पुलिस के अनुसार, 8 जून की रात रायगढ़ पुलिस और आबकारी विभाग की संयुक्त टीम ने कोतरारोड़ थाना क्षेत्र के ग्राम धनागर में छापेमारी कर लंबे समय से संचालित नकली शराब गिरोह का भंडाफोड़ किया था। कार्रवाई के दौरान 869 नग नकली शराब (पौवा, अद्धी और बोतल) सहित करीब 240 लीटर अवैध शराब, स्प्रिट के ड्रम, ढक्कन, खाली बोतलें और अन्य सामग्री जब्त की गई थी। मामले में आरोपी दुष्यंत उर्फ पप्पू को गिरफ्तार किया गया था, जबकि सुभाष पटेल और विनय ठाकुर फरार हो गए थे।
फरार आरोपियों की तलाश के दौरान पुलिस को सूचना मिली कि सुभाष पटेल अपने जोरापाली स्थित फार्म हाउस में छिपा हुआ है। सूचना के आधार पर थाना प्रभारी कोतरारोड़ निरीक्षक शील सिंह आदित्य के नेतृत्व में पुलिस टीम ने घेराबंदी कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में आरोपी ने खुलासा किया कि वह अपने भाई और सह-आरोपी विनय सिंह ठाकुर के साथ मिलकर नकली शराब के कारोबार में संलिप्त था। गिरोह फार्म हाउस में शराब का भंडारण करता था और उसमें स्प्रिट मिलाकर मात्रा बढ़ाने के बाद नकली होलोग्राम और फर्जी लेबल लगाकर विभिन्न क्षेत्रों में कोचियों के माध्यम से बिक्री कराता था।
आरोपी ने बताया कि स्प्रिट मिलाने से शराब का रंग हल्का पड़ जाता था, जिसे असली जैसा दिखाने के लिए उसमें चायपत्ती का रंग मिलाया जाता था। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर फार्म हाउस से गैस सिलेंडर, गैस चूल्हा, एल्यूमिनियम की डेगची तथा बड़ी संख्या में खाली शराब की बोतलें जब्त की हैं।
पुलिस ने आरोपी सुभाष चन्द्र पटेल (50 वर्ष), निवासी धनागर, थाना कोतरारोड़ के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं तथा आबकारी अधिनियम के तहत कार्रवाई करते हुए न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
रायगढ़ के पुलिस अधीक्षक शशि मोहन ने कहा कि शराब और अन्य मादक पदार्थों के अवैध कारोबार के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। मामले में फरार आरोपी विनय ठाकुर की तलाश की जा रही है और उसे भी जल्द गिरफ्तार किए जाने की संभावना है।
०
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

