धमतरी, 11 जून (आरएनएस)। धमतरी पुलिस ने अवैध शराब के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए किराना दुकान की आड़ में संचालित अवैध शराब कारोबार का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 128 पौवा देशी शराब तथा बिक्री रकम सहित कुल 11,540 रुपये की सामग्री जब्त की है।
पुलिस अधीक्षक सूरज सिंह परिहार के निर्देशन में जिले में अवैध शराब, मादक पदार्थों और उनके कारोबारियों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत थाना सिटी कोतवाली पुलिस को सूचना मिली थी कि बठेना पारा, जेल रोड स्थित एक किराना दुकान में अवैध रूप से शराब रखकर बिक्री की जा रही है।
सूचना के आधार पर कोतवाली पुलिस टीम ने स्वतंत्र गवाहों की मौजूदगी में मौके पर पहुंचकर तलाशी ली। कार्रवाई के दौरान आरोपी रामखिलावन सिन्हा (32 वर्ष) निवासी बठेना पारा, जेल रोड धमतरी के कब्जे से 128 पौवा अवैध देशी शराब बरामद की गई। जब्त शराब में देशी मसाला और प्लेन शराब शामिल है, जिसकी कुल मात्रा लगभग 23.04 लीटर बताई गई है।
पुलिस के अनुसार जब्त शराब और बिक्री रकम सहित कुल मूल्य 11,540 रुपये आंका गया है। आरोपी शराब के संबंध में कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर उसके खिलाफ थाना सिटी कोतवाली में आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत मामला दर्ज कर गिरफ्तार किया गया।
गिरफ्तारी के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
धमतरी पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध शराब, गांजा तथा अन्य मादक पदार्थों के कारोबार में संलिप्त व्यक्तियों के खिलाफ आगे भी सख्त और निरंतर कार्रवाई जारी रहेगी।
0
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

