शहर की समस्याओं का लिया जायजा
दिए सफाई व्यवस्था सुधारने के दिशा-निर्देश
सिरसा 11 जून (आरएनएस)। शहर की सफाई व्यवस्था, यातायात प्रबंधन एवं नागरिक सुविधाओं को बेहतर बनाने के उद्देश्य से जिला नगर आयुक्त सुरेंद्र बेनीवाल लगातार दूसरे दिन भी साइकिल पर शहर के विभिन्न क्षेत्रों के निरीक्षण के लिए निकले। सुबह 6 बजे शुरू हुए इस विशेष निरीक्षण अभियान के दौरान नगर आयुक्त ने नगर परिषद के अधिकारियों के साथ वार्ड नं. 20 एवं 21 के प्रमुख बाजारों, गलियों और सार्वजनिक स्थलों का दौरा कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस अवसर पर पूर्व पार्षद प्रतिनिधि अमित सोनी,नगर परिषद सचिव नरेश कुमार,मुख्य सफाई निरीक्षक जयवीर सिंह,सफाई निरीक्षक पवन कंबोज,रवि शर्मा सहित निजी सफाई एजेंसी के कर्मचारी भी उनके साथ मौजूद थे। निरीक्षण के दौरान स्थानीय नागरिकों एवं दुकानदारों से सीधे संवाद स्थापित कर उनकी समस्याएं सुनी तथा मौके पर ही संबंधित अधिकारियों को समाधान के लिए आवश्यक निर्देश जारी किए।
निरीक्षण के दौरान पूर्व पार्षद प्रतिनिधि अमित सोनी ने नगर आयुक्त का ध्यान वार्ड नं. 21 के घंटाघर चौक की जर्जर सडक़ और उसमें बने गहरे गड्ढों की ओर आकर्षित कराया। उन्होंने बताया कि सडक़ पर बने गहरे गड्ढों के कारण आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं तथा आमजन को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। समस्या की गंभीरता को देखते हुए नगर आयुक्त सुरेंद्र बेनीवाल ने तुरंत संबंधित अधिकारियों को सडक़ पर पैचवर्क करवाने और गड्ढों को भरने के निर्देश दिए
नगर आयुक्त ने घंटाघर चौक एवं आसपास के बाजार क्षेत्रों में सफाई व्यवस्था का भी निरीक्षण किया। इस दौरान यह पाया गया कि शाम के समय बाजारों से पर्याप्त मात्रा में कूड़ा नहीं उठाया जा रहा है, जिसके कारण कई स्थानों पर गंदगी की स्थिति उत्पन्न हो जाती है। इस पर उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि घंटाघर चौक, नोहरिया बाजार एवं आसपास के क्षेत्रों में शाम के समय विशेष रूप से डोर-टू-डोर कूड़ा संग्रहण वाहन भेजे जाएं ताकि बाजारों में सफाई व्यवस्था बेहतर बनाई जा सके। नगर आयुक्त ने बरनाला रोड, बस स्टैंड रोड, हिसार रोड, हिसारिया बाजार, शहीद भगत सिंह चौक, चांदनी चौक बाजार, नोहरिया बाजार तथा घंटाघर चौक क्षेत्र का दौरा किया। उन्होंने दुकानदारों को गीले और सूखे कचरे के लिए अलग-अलग डस्टबिन रखने तथा कचरे का उचित निस्तारण करने के लिए प्रेरित किया। साथ ही उन्हें यह भी समझाया कि बाजारों की स्वच्छता बनाए रखना केवल प्रशासन की नहीं बल्कि प्रत्येक नागरिक की भी जिम्मेदारी है।
नोहरिया बाजार में निरीक्षण के दौरान नगर आयुक्त ने सब्जी विक्रेताओं को साफ-सफाई बनाए रखने और कचरा निर्धारित स्थान पर डालने के निर्देश दिए। वहीं हरा चारा बेचने वाले दुकानदारों को सडक़ पर चारा न डालने की हिदायत दी गई। उन्होंने कहा कि सडक़ पर फैला चारा न के वल गंदगी फैलाता है बल्कि यातायात में भी बाधा उत्पन्न करता है। इसके अलावा उन्होंने निर्देश दिए कि हरा चारा शहर में लाते समय ट्रॉली को अच्छी तरह ढककर लाएं ताकि रास्ते में चारा सडक़ पर न गिरे।
नगर आयुक्त ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि खुले में कूड़ा-कचरा फेंकने वाले दुकानदारों एवं संस्थानों के विरुद्ध चालान की कार्रवाई की जाए। उन्होंने कहा कि स्वच्छता के प्रति किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। निरीक्षण के दौरान नगर आयुक्त सुरेंद्र बेनीवाल ने स्थानीय नागरिकों से भी मुलाकात की और उनकी समस्याएं सुनीं। नगर आयुक्त ने संबंधित अधिकारियों को समस्याओं के समाधान के लिए प्राथमिकता के आधार पर कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि साइकिल पर शहर का दौरा करने से वास्तविक स्थिति का बेहतर आकलन किया जा सकता है और नागरिकों से सीधे संवाद स्थापित करने का अवसर मिलता है। नगर आयुक्त ने शहरवासियों से भी अपील की कि वे स्वच्छता अभियान में सहयोग करें, कचरा निर्धारित स्थान पर डालें तथा अपने आसपास के वातावरण को स्वच्छ और सुंदर बनाए रखने में प्रशासन का सहयोग करें। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि प्रशासन और जनता के संयुक्त प्रयासों से सिरसा को प्रदेश के सबसे स्वच्छ और व्यवस्थित शहरों में शामिल किया जा सकेगा।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

