राजसमंद,11 जून(आरएनएस)। राजस्थान के राजसमंद जिले में एक नवजोड़े की खुशियां तब मातम में बदल गई, जब प्री-वेडिंग शूट के दौरान युवक की उसकी मंगेतर के सामने मौत हो गई। हादसा 9 जून को दिवेर थाना क्षेत्र में बागाना ग्राम पंचायत में बने गौरीधाम पर्यटन स्थल में हुआ है। मृतक युवक की पहचान चित्तौडग़ढ़ निवासी अर्जुन दमामी (20) के रूप में हुई है। युवक का शव बरामद कर लिया गया है। घटना के बाद दोनों घरों में दुख का पहाड़ टूटा है।
अर्जुन अपनी मंगेतर और उसके चाचा के साथ गौरी धाम घूमने पहुंचे थे। इस दौरान चाचा मंदिर परिसर में ही रुक गए और युवक-युवती फोटो शूट कराने के लिए प्राकृतिक चट्टानों की तरफ चले गए। बताया जा रहा है कि अर्जुन फोटो और नहाने के लिए पानी के कुंड में उतरे थे, तभी उनका पैर फिसल गया और वह गहरे पानी में चले गए। हादसे के बाद अर्जुन की मंगेतर ने शोर मचाना शुरू किया, लेकिन देर हो चुकी थी।
घटना के बाद पुलिस को सूचना दी गई, जिसके बाद नागरिक सुरक्षा संगठन और उदयपुर से राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल टीम मौके पर पहुंची। करीब 20 घंटे के संयुक्त ऑपरेशन के बाद युवक का शव कुंड से बाहर निकाला गया। बताया जाता है कि गौरीधाम दुर्गम इलाके में है, जहां 400 फीट नीचे प्राकृतिक चट्टानों के बीच गहरे पानी का कुंड है। शव को ढूंढने और उसे 100 फीट ऊंची पहाड़ी से ऊपर लाना बड़ी चुनौती बन गया था।
अर्जुन की एक महीने पहले उनकी मंगेतर से सगाई हुई थी। उनकी शादी इसी साल दिसंबर में होनी थी, जिसकी दोनों परिवार तैयारी कर रहे थे। घटना के बाद दोनों घरों में मातम पसरा हुआ है। पुलिस ने शव पोस्टमॉर्टम कराके परिजनों को सौंपा है।
००
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

