बलौदाबाजार, 11 जून (आरएनएस)। छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार जिले में एक महिला की हत्या से सनसनी फैल गई है। कोतवाली थाना क्षेत्र के सिविल लाइन इलाके में 29 वर्षीय महिला का खून से लथपथ शव मिलने के बाद पूरे क्षेत्र में हड़कंप मच गया। पुलिस ने मामले में मृतका के देवर को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
मिली जानकारी के अनुसार, वार्ड क्रमांक 20 सिविल लाइन निवासी पुष्पा ध्रुव (29 वर्ष), पति सोमनाथ ध्रुव का शव उनके घर के पीछे स्थित बाड़ी में पड़ा मिला। शव की हालत देखकर आशंका जताई जा रही है कि महिला पर किसी भारी वस्तु से हमला किया गया है। सिर और चेहरे पर गंभीर चोटों के निशान पाए गए हैं, जिससे हत्या की संभावना और मजबूत हो गई है।
स्थानीय लोगों ने जब घर के पीछे खून से सना शव देखा तो तत्काल पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल को घेरकर जांच शुरू की। पुलिस ने मौके से साक्ष्य जुटाए हैं और शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है।
प्रारंभिक जांच के दौरान पुलिस ने संदेह के आधार पर मृतका के देवर देवेंद्र ध्रुव को हिरासत में लिया है। उससे पूछताछ की जा रही है। हालांकि पुलिस का कहना है कि जांच अभी शुरुआती चरण में है और सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की पड़ताल की जा रही है।
कोतवाली थाना प्रभारी लखेश केंवट ने बताया कि महिला के शरीर पर गंभीर चोटों के निशान मिले हैं। हत्या की आशंका के आधार पर जांच आगे बढ़ाई जा रही है। फॉरेंसिक जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।
घटना के बाद क्षेत्र में दहशत और तनाव का माहौल है। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए हर एंगल से जांच शुरू कर दी है और जल्द ही मामले का खुलासा करने का दावा किया है।
०
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

