अकलतरा, 11 जून (आरएनएस)। रैली निकालने को लेकर हुए विवाद में एक युवक से गाली-गलौज और मारपीट करने वाले आरोपी को अकलतरा पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
पुलिस के अनुसार कोटमी सोनार निवासी शुभम सोनी (26 वर्ष) ने थाना अकलतरा में शिकायत दर्ज कराई थी कि 10 जून 2026 की रात गांव निवासी रोशन खान ने उसे रैली निकालने और नेता बनते हो कहकर गाली-गलौज की। विरोध करने पर आरोपी ने डंडे से मारपीट कर उसे चोट पहुंचाई।
शिकायत के आधार पर पुलिस ने आरोपी रोशन खान के खिलाफ थाना अकलतरा में अपराध क्रमांक 331/26 दर्ज कर भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 296, 115(2) एवं 351(3) के तहत मामला पंजीबद्ध किया।
पुलिस ने बताया कि घटना के बाद भी आरोपी द्वारा प्रार्थी को लगातार गाली-गलौज कर परेशान किया जा रहा था। इस पर उसके विरुद्ध भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस) की धारा 117, 126 एवं 135(3) के तहत प्रतिबंधात्मक कार्रवाई भी की गई।
पुलिस ने आरोपी रोशन खान को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया है। मामले की आगे की जांच जारी है।
०
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

