महासमुंद, 11 जून (आरएनएस)। जिले में आमजनों की शिकायतों और आपराधिक गतिविधियों पर त्वरित कार्रवाई के लिए संचालित समाधान सेल एक बार फिर प्रभावी साबित हुई है। समाधान सेल में प्राप्त सूचना के आधार पर पुलिस चौकी बया की टीम ने अवैध शराब बिक्री के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक शराब कोचिया को गिरफ्तार किया है।
पुलिस अधीक्षक ओ.पी. शर्मा के निर्देशन में की गई इस कार्रवाई में चौकी बया पुलिस ने ग्राम बया में घेराबंदी कर आरोपी को अवैध रूप से शराब ले जाते हुए रंगे हाथों पकड़ा। आरोपी की पहचान हेकनाथ सेन (36 वर्ष) निवासी ग्राम लक्ष्मीपुर, थाना पिथौरा, जिला महासमुंद के रूप में हुई है।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 40 पाव देशी प्लेन शराब, जिसकी कीमत लगभग 3,200 रुपये आंकी गई है, जब्त की। साथ ही शराब परिवहन में इस्तेमाल की जा रही मोटरसाइकिल क्रमांक सीजी 06 जीके 5053 को भी जप्त किया गया।
आरोपी के खिलाफ चौकी बया में आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार किया गया है। पुलिस द्वारा आरोपी को न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया पूरी की गई।
पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि किसी भी प्रकार की शिकायत, सूचना या आपराधिक गतिविधि की जानकारी समाधान सेल हेल्पलाइन नंबर 94792 20392 पर कॉल या व्हाट्सएप के माध्यम से साझा करें, ताकि त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।
०
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

