भोपाल 11 जून (आरएनएस)। राजधनी भोपाल में फरार अपराधियों और वारंटियों की धरपकड़ के लिए निशातपुरा पुलिस ने एक बार फिर ईरानी डेरा अमन कॉलोनी में दबिश दी। करीब 40 पुलिसकर्मियों की टीम के साथ की गई इस कार्रवाई से इलाके में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। पुलिस ने कार्रवाई के दौरान 17 हजार रुपए के इनामी निगरानी बदमाश सहित दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। फरार इनामी बदमाश ने पुलिस को बताया कि वह डेरे में लंबे समय से फरारी काट रहा है।
पुलिस कमिश्नर संजय सिंह के निर्देश पर 10 जून की शाम ईरानी डेरे में विशेष सर्चिंग और रेड कार्रवाई की गई। पुलिस टीम ने संदिग्धों की तलाश के साथ ही फरार आरोपियों और वारंटियों की जानकारी जुटाई। जिसके बाद कार्रवाई शुरू की। कार्रवाई के दौरान निशातपुरा थाने के निगरानी बदमाश सालिग उर्फ रेहान ईरानी को पकड़ा गया। पुलिस के अनुसार आरोपी के खिलाफ भोपाल सहित अलग-अलग जिलों में लूट, चोरी, जालसाजी, मारपीट और हत्या के प्रयास जैसे 24 गंभीर अपराध दर्ज हैं।
आरोपी पर अलग-अलग मामलों में 17 हजार का इनाम घोषित था। इसमें थाना रानीपुर जिला बैतूल के प्रकरण में 10 हजार, कोतवाली रायसेन के मामले में 5 हजार और थाना पिपलानी भोपाल के प्रकरण में 2 हजार का इनाम शामिल है। आरोपी के खिलाफ न्यायालय से गिरफ्तारी वारंट भी जारी था।
पुलिस ने जिला पन्ना के एक मामले में संदेही रिजवान हुसैन को भी गिरफ्तार किया है। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार रिजवान के खिलाफ चोरी, लूट, जालसाजी और मारपीट सहित 15 गंभीर अपराध मध्यप्रदेश और अन्य राज्यों में दर्ज हैं।
दोनों आरोपियों को हिरासत में लेकर पुलिस पूछताछ कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि पूछताछ के दौरान अन्य वारदातों और गिरोह से जुड़े लोगों के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी मिल सकती है।
पुलिस लगातार ईरानी डेरे में रहने वाले संदिग्ध अपराधियों की गतिविधियों पर नजर रख रही है। अधिकारियों का दावा है कि लगातार कार्रवाई के चलते मोबाइल झपटमारी और संपत्ति संबंधी अपराधों में कमी आई है। कार्रवाई में निशातपुरा, छोला मंदिर, गांधीनगर थाना पुलिस भी शामिल थी।

