भोपाल 11 जून (आरएनएस)।टीला जमालपुरा थाना पुलिस ने नशा मुक्ति अभियान के तहत कार्रवाई करते हुए गुरुवार को एक गांजा तस्कर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के पास से 1.267 किलो अवैध गांजा बरामद किया है, जिसकी कीमत करीब 30 हजार रुपए बताई जा रही है।
पुलिस अधिकारियों के निर्देश पर चलाए जा रहे अभियान के दौरान मुखबिर से सूचना मिली थी कि हरिजन बस्ती की पानी टंकी के पास एक व्यक्ति गांजा लेकर खड़ा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और संदिग्ध को पकड़ लिया।
पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम शाहिद खान (47) निवासी करीम बक्स कॉलोनी भोपाल बताया। पुलिस ने जब उसके पास मौजूद ग्रे रंग के बैग की तलाशी ली तो उसमें गांजा मिला। पुलिस ने आरोपी से गांजा रखने के संबंध में वैध दस्तावेज मांगे, लेकिन वह कोई लाइसेंस या अनुमति पत्र पेश नहीं कर सका। इसके बाद मादक पदार्थ को जब्त कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी शाहिद खान के खिलाफ पहले से लूट, आबकारी एक्ट और एनडीपीएस एक्ट सहित कई अपराध दर्ज हैं। पुलिस अब आरोपी से पूछताछ कर यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि वह गांजा कहां से लाया था और इसे किसे सप्लाई करने वाला था।
आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/20 के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

