कोंडागांव, 12 जून (आरएनएस)। थाना बयानार पुलिस ने दुष्कर्म के एक गंभीर मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को महज 10 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी पर पीडि़ता को शादी का झांसा देकर लंबे समय तक शारीरिक शोषण करने और बाद में शादी से इंकार करने का आरोप है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 10 जून 2026 को ग्राम चेरंग स्कूलपारा निवासी 33 वर्षीय पीडि़ता ने थाना बयानार में रिपोर्ट दर्ज कराई। पीडि़ता ने बताया कि गांव के ही निवासी दशमन नेताम के साथ उसका पिछले 12 वर्षों से प्रेम संबंध था। इस दौरान आरोपी ने शादी का वादा कर उसके साथ लगातार शारीरिक संबंध बनाए। पीडि़ता के अनुसार वह छह बार गर्भवती हुई, लेकिन आरोपी ने दवाइयां खिलाकर गर्भपात करा दिया।
पीडि़ता ने यह भी आरोप लगाया कि गांव के पटेल, सरपंच और अन्य प्रमुख लोगों द्वारा सामाजिक स्तर पर मामला सुलझाने का प्रयास किया गया, लेकिन कोई समाधान नहीं निकला। इसके बाद 6 जून 2026 को आरोपी ने पीडि़ता के साथ उसके घर में जबरन शारीरिक संबंध बनाए और बाद में शादी करने से साफ इंकार कर दिया।
रिपोर्ट दर्ज होते ही थाना बयानार पुलिस ने अपराध कायम कर विवेचना शुरू की। मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना प्रभारी उपनिरीक्षक प्रेमनाथ बघेल ने वरिष्ठ अधिकारियों को सूचना दी। पुलिस अधीक्षक पंकज चन्द्रा (आईपीएस), अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कपिल चन्द्रा एवं रूपेश कुमार डाण्डे तथा एसडीओपी रूपेश कुमार के मार्गदर्शन में विशेष टीम गठित की गई।
पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि आरोपी गांव में ही छिपकर घूम रहा है और पुलिस से बचने का प्रयास कर रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने आरोपी के घर की घेराबंदी कर उसे गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपराध स्वीकार कर लिया। पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर 11 जून 2026 को उसे विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर न्यायालय में पेश किया गया।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी प्रेमनाथ बघेल के नेतृत्व में सउनि चिन्ता राम ध्रुव, भूपेन्द सिंह बघेल, प्रधान आरक्षक आसमन पोटाई सहित थाना स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
०००
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

