पांडातराई/कवर्धा, 12 जून (आरएनएस)। पंडरिया विधायक भावना बोहरा ने नगर पंचायत पांडातराई में चल रहे विकास कार्यों, अधोसंरचना परियोजनाओं और विभिन्न शासकीय योजनाओं के क्रियान्वयन की समीक्षा करते हुए अधिकारियों और कर्मचारियों को गुणवत्तापूर्ण कार्य तथा समयसीमा के भीतर योजनाओं को पूरा करने के निर्देश दिए।
समीक्षा बैठक के दौरान विधायक ने सुशासन तिहार के तहत प्राप्त आवेदनों के त्वरित निराकरण, बिजली व्यवस्था में सुधार, प्रधानमंत्री आवास योजना के प्रभावी क्रियान्वयन तथा निर्माणाधीन कार्यों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने उप तहसील कार्यालय में अधिकारियों-कर्मचारियों की नियमित उपस्थिति और जनहित से जुड़े मामलों के समयबद्ध निपटारे के निर्देश भी दिए।
बैठक में राशन कार्ड, भू-स्वामित्व कार्ड, आयुष्मान कार्ड, भूमिहीन किसानों को आर्थिक सहायता तथा पेंशनधारियों को समय पर पेंशन उपलब्ध कराने जैसे विषयों पर भी चर्चा हुई। विधायक ने कहा कि शासन की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना और नागरिक सुविधाओं को मजबूत करना सरकार की प्राथमिकता है।

भावना बोहरा ने कहा कि जनता से किए गए वादों को पूरा करना और नगर के समग्र विकास को गति देना उनकी प्रतिबद्धता है। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों में पारदर्शिता, गुणवत्ता और जवाबदेही सुनिश्चित कर नगरवासियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। साथ ही भ्रष्टाचार के खिलाफ सरकार की जीरो टॉलरेंस नीति के तहत कार्यों को गति देने पर भी जोर दिया।
विधायक ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में प्रदेश में डबल इंजन सरकार बनने के बाद नगर पंचायत पांडातराई में विकास और अधोसंरचना निर्माण के लिए 20 करोड़ रुपये से अधिक की स्वीकृति मिली है। इनमें कई कार्य पूर्ण हो चुके हैं जबकि कई परियोजनाएं प्रगति पर हैं।
उन्होंने कहा कि पांडातराई में उप तहसील की स्थापना से लोगों को प्रशासनिक सेवाएं स्थानीय स्तर पर उपलब्ध हो रही हैं। नगर में सड़कों का विस्तार, पांडातराई बायपास, पांडातराई-फास्टरपुर मार्ग, पोंड़ी-पांडातराई-पंडरिया मार्ग पर हॉफ नदी में उच्च स्तरीय पुल निर्माण, हाईमास्ट एवं स्ट्रीट लाइट, तालाबों और प्रमुख चौक-चौराहों का सौंदर्यीकरण, सीसी रोड और नाली निर्माण, पेयजल एवं बिजली व्यवस्था सुदृढ़ीकरण सहित कई महत्वपूर्ण विकास कार्य किए जा रहे हैं।
बैठक में नगर पंचायत अध्यक्ष सरिता सोनी, पार्षदगण, प्रशासनिक अधिकारी तथा विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
0

