रायगढ़, 12 जून (आरएनएस)। रायगढ़। रायगढ़ पुलिस ने ऑपरेशन क्लीन हंट के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए हत्या के प्रयास के एक चर्चित मामले में लगभग दो वर्षों से फरार चल रहे आरोपी संदीप सिंह उर्फ सन्नी सरदार को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
पुलिस के अनुसार, आरोपी संदीप सिंह उर्फ सन्नी सरदार, मूल रूप से पंजाब के अमृतसर जिले का निवासी है और रायगढ़ में रह रहा था। वह थाना कोतवाली में दर्ज हत्या के प्रयास के मामले में लंबे समय से फरार था। इसी प्रकरण में शामिल तीन अन्य आरोपी राजवीर सिंह, जसदेव सिंह उर्फ जस्सू कंग और राज बरेठ को माननीय न्यायालय द्वारा 30 अक्टूबर 2025 को दोषी ठहराते हुए 10-10 वर्ष के सश्रम कारावास की सजा सुनाई जा चुकी है।
क्या था मामला
7 दिसंबर 2024 की रात साहिल ठाकुर अपने दोस्तों के साथ पोस्ट ऑफिस के पीछे स्थित जिम के सामने आग ताप रहा था। इसी दौरान स्विफ्ट डिजायर कार में पहुंचे आरोपियों ने साहिल ठाकुर पर लोहे की रॉड और डंडों से जानलेवा हमला कर दिया। हमले में साहिल के सिर, चेहरे, जबड़े, हाथ और पैरों में गंभीर चोटें आईं। उसका एक दांत टूट गया और जबड़ा भी क्षतिग्रस्त हो गया। बीच-बचाव करने पहुंचे अमन सिंह ठाकुर पर भी आरोपियों ने हमला किया, जिससे वह भी घायल हो गया।
घटना के बाद घायल साहिल ठाकुर को रायगढ़ से रायपुर के अस्पताल में रेफर कर उपचार कराया गया। मामले में अमन सिंह ठाकुर की शिकायत पर सिटी कोतवाली थाना में अपराध दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की थी।
जांच के दौरान पुलिस ने घटनास्थल से रक्तरंजित मिट्टी, पीडि़त के खून से सने कपड़े तथा आरोपियों के मेमोरेंडम के आधार पर घटना में प्रयुक्त हथियार और वाहन जब्त किए थे। न्यायालय में सुनवाई के बाद तीन आरोपियों को 10-10 वर्ष की सजा सुनाई गई थी, जबकि संदीप सिंह उर्फ सन्नी सरदार फरार चल रहा था।
कोतवाली पुलिस ने ऑपरेशन क्लीन हंट के तहत मुखबिर तंत्र सक्रिय कर आरोपी की तलाश जारी रखी। हाल ही में मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की, जिसके बाद उसके मेमोरेंडम कथन पर घटना में प्रयुक्त बांस का डंडा भी बरामद किया गया।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक सुखनंदन पटेल, सहायक उपनिरीक्षक गौतम ठाकुर एवं कोतवाली पुलिस स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने कहा कि गंभीर अपराधों में फरार आरोपियों की गिरफ्तारी रायगढ़ पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है और कानून से बचने की हर कोशिश को विफल किया जाएगा।
0

