रायगढ़, 12 जून (आरएनएस)। रायगढ़। रायगढ़ पुलिस ने एक विवाहित महिला के साथ कथित दुष्कर्म, ब्लैकमेलिंग और आर्थिक शोषण के मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। आरोपी पर सोशल मीडिया के माध्यम से संपर्क बढ़ाकर महिला का वर्षों तक शारीरिक और आर्थिक शोषण करने का आरोप है।
पुलिस के अनुसार, कोतरारोड़ थाना क्षेत्र की 33 वर्षीय महिला ने महिला थाना रायगढ़ में शिकायत दर्ज कराई थी कि सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले के निवासी अनिल ईजारदार ने फेसबुक के माध्यम से दोबारा संपर्क स्थापित कर उसका विश्वास जीता और बाद में उसे ब्लैकमेल कर शोषण किया।
शिकायत में महिला ने बताया कि वर्ष 2019 में आरोपी द्वारा फेसबुक पर फ्रेंड रिक्वेस्ट भेजने के बाद दोनों के बीच बातचीत शुरू हुई। आरोप है कि दिसंबर 2020 में आरोपी उसे वाहन से छोडऩे के बहाने सुनसान स्थान पर ले गया, जहां उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए और उसकी निजी तस्वीरें एवं वीडियो रिकॉर्ड कर लिए। इसके बाद आरोपी कथित रूप से वीडियो और फोटो वायरल करने की धमकी देकर महिला पर दबाव बनाता रहा।
पीडि़ता के अनुसार, बदनामी के डर से वह लंबे समय तक आरोपी के दबाव में रही। इस दौरान आरोपी ने उसे लगातार धमकाते हुए आर्थिक लाभ भी उठाया। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि आरोपी ने विभिन्न माध्यमों से जेवरात और नकद राशि मिलाकर लगभग 35 लाख रुपये की अवैध वसूली की तथा लगातार और पैसे की मांग करता रहा।
महिला की शिकायत पर महिला थाना रायगढ़ में दुष्कर्म, धमकी और जबरन वसूली से संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन में अभियान संवेदना के तहत विशेष कार्रवाई की गई।
पुलिस टीम ने आरोपी की तलाश करते हुए सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले के ग्राम बंजारी में दबिश देकर आरोपी अनिल ईजारदार (32 वर्ष) को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के दौरान आरोपी की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त स्विफ्ट कार और मोबाइल फोन भी जब्त किए गए।
पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में प्रस्तुत किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया। मामले की आगे की जांच जारी है।
एसएसपी शशि मोहन सिंह ने महिलाओं से अपील करते हुए कहा कि यदि कोई व्यक्ति सोशल मीडिया पर हुई पहचान या दोस्ती का गलत फायदा उठाकर ब्लैकमेल, धमकी या शोषण करता है तो पीडि़ताएं बिना भय के तत्काल पुलिस से संपर्क करें। रायगढ़ पुलिस हर मामले में संवेदनशीलता के साथ कानूनी सहायता और कार्रवाई सुनिश्चित करेगी।
इस कार्रवाई में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल सोनी, डीएसपी उन्नति ठाकुर के मार्गदर्शन में महिला थाना प्रभारी उपनिरीक्षक कुसुम कैवर्त एवं उनकी टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
0

