0 कांकेर पुलिस ने मोबाइल और सिम कार्ड किया जब्त
कांकेर, 12 जून (आरएनएस)। उत्तर बस्तर कांकेर पुलिस ने ऑनलाइन साइबर ठगी के एक मामले में बड़ी सफलता हासिल करते हुए राजस्थान निवासी आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त मोबाइल फोन और सिम कार्ड भी बरामद किया गया है।
पुलिस के अनुसार, प्रार्थी शिवेंद्र मिश्रा (37 वर्ष), निवासी जिला रीवा (मध्यप्रदेश) एवं वर्तमान में सीएएफ कैंप एडगुड़, थाना लोहत्तर में पदस्थ, ने शिकायत दर्ज कराई थी कि 29 दिसंबर 2025 को अज्ञात व्यक्ति ने धोखाधड़ी कर उनके बैंक खाते से 1 लाख रुपये अपने खाते में ट्रांसफर कर लिए थे।
शिकायत के बाद प्रार्थी ने संबंधित मोबाइल नंबर पर संपर्क कर राशि वापस करने का प्रयास किया, लेकिन आरोपी ने पहचान छिपाने के उद्देश्य से उपयोग किए गए सिम कार्ड को तोड़कर नष्ट कर दिया। मामले में थाना लोहत्तर में अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।
पुलिस अधीक्षक निखिल कुमार राखेचा के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आकाश श्रीश्रीमाल एवं एसडीओपी भानुप्रतापपुर शेर बहादुर सिंह ठाकुर के मार्गदर्शन में विशेष टीम गठित की गई। साइबर सेल और थाना लोहत्तर पुलिस ने तकनीकी विश्लेषण एवं डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर आरोपी की पहचान करते हुए उसे राजस्थान के पाली जिले से गिरफ्तार किया।
पूछताछ के दौरान आरोपी सुनील जयपाल (23 वर्ष), निवासी आरतिया, ढाबर कला, थाना रोहत, जिला पाली (राजस्थान) ने अपराध करना स्वीकार कर लिया। पुलिस ने उसके कब्जे से घटना में प्रयुक्त एक ओप्पो मोबाइल फोन और जियो सिम कार्ड बरामद कर जब्त किया है।
जांच के दौरान आरोपी के खिलाफ सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम की धारा 66-डी तथा भारतीय न्याय संहिता की अन्य प्रासंगिक धाराएं भी जोड़ी गईं। पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर आरोपी को 11 जून 2026 को गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
इस कार्रवाई में निरीक्षक संजय शिंदे, उपनिरीक्षक लक्ष्मीनारायण नामदेव, सहायक उपनिरीक्षक पवन मरकाम, प्रधान आरक्षक विनोद भुआर्य तथा साइबर सेल के आरक्षक हिमेश्वर मंडावी और तिरीथ दिवाकर सहित पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
कांकेर पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि किसी भी प्रकार की ऑनलाइन ठगी, साइबर फ्रॉड या संदिग्ध वित्तीय लेन-देन की स्थिति में तत्काल राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 अथवा पुलिस हेल्पलाइन पर संपर्क करें।
0
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

