लखनऊ 12 जून (आरएनएस )। राजधानी के पीजीआई थाना क्षेत्र स्थित एकीकृत वाहन यार्ड, कल्ली पश्चिम में चोरी की वारदात को अंजाम देने पहुंचे दो शातिर चोरों को पुलिस ने रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। सतर्क पुलिसकर्मियों की सक्रियता के चलते वाहन की स्टेपनी चोरी करने का प्रयास विफल हो गया और दोनों आरोपी मौके पर ही दबोच लिए गए। पुलिस ने उनके कब्जे से चोरी की जा रही स्टेपनी और अन्य सामान बरामद कर विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।पुलिस के अनुसार एकीकृत वाहन यार्ड, कल्ली पश्चिम स्थित न्यू पुलिस लाइन परिसर में खड़े वाहनों की सुरक्षा के लिए नियमित गश्त की जा रही थी। इसी क्रम में 11 जून को मालखाना मोहर्रिर राजीव सोनकर अपने सहयोगी पुलिसकर्मियों प्रमोद कुमार यादव, रोहित सिंह तथा गार्द कमांडर राजेश कुमार के साथ यार्ड में ड्यूटी पर मौजूद थे। तभी उन्हें यार्ड की बाउंड्री वाल की दिशा से संदिग्ध आवाज सुनाई दी।आवाज सुनते ही पुलिसकर्मी तत्काल मौके की ओर पहुंचे और निरीक्षण किया। वहां उन्होंने देखा कि दो व्यक्ति एक वाहन की एमआरएफ कंपनी की स्टेपनी में रंगीन गमछा बांधकर उसे बाउंड्री वाल के ऊपर से बाहर फेंकने का प्रयास कर रहे हैं। एक आरोपी यार्ड के अंदर मौजूद था, जबकि दूसरा बाउंड्री वाल के पास खड़ा होकर चोरी में उसकी मदद कर रहा था।संदिग्ध गतिविधि देखते ही पुलिस टीम ने तत्काल घेराबंदी कर दोनों आरोपियों को मौके पर ही पकड़ लिया। पूछताछ के दौरान दोनों ने अपनी पहचान लक्ष्मन पुत्र बाबू और महेंद्र पुत्र तोती के रूप में बताई। दोनों आरोपी गांधी ग्राम क्षेत्र के निवासी हैं और पीजीआई थाना क्षेत्र में रहते हैं।पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे नशे के आदी हैं और अपनी नशे की जरूरतों को पूरा करने के लिए चोरी जैसी घटनाओं को अंजाम देते हैं। उन्होंने वाहन यार्ड में खड़े वाहनों से स्टेपनी चोरी कर उसे बेचने की योजना बनाई थी, लेकिन पुलिस की सतर्कता के कारण उनका प्रयास असफल हो गया।
घटना के संबंध में थाना पीजीआई में मु.अ.सं. 309/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 305 और 317(2) के अंतर्गत मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने दोनों आरोपियों को नियमानुसार गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत कर दिया है।गिरफ्तार आरोपियों में लक्ष्मन पुत्र बाबू निवासी गांधी ग्राम, निकट वृंदावन योजना, थाना पीजीआई, उम्र लगभग 40 वर्ष तथा महेंद्र पुत्र तोती निवासी गांधी ग्राम, थाना पीजीआई, उम्र लगभग 41 वर्ष शामिल हैं।पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक एमआरएफ कंपनी की स्टेपनी सहित टायर तथा एक रंगीन गमछा बरामद किया है, जिसका उपयोग चोरी की वारदात को अंजाम देने में किया जा रहा था।पुलिस अधिकारियों ने बताया कि वाहन यार्ड में खड़े सरकारी एवं जब्त वाहनों की सुरक्षा के लिए लगातार निगरानी रखी जा रही है। इसी सतर्कता का परिणाम है कि चोरी की वारदात को समय रहते विफल कर आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया। अधिकारियों ने कहा कि राजधानी में अपराध और चोरी की घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण के लिए पुलिस लगातार अभियान चला रही है तथा ऐसे मामलों में दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।इस सफलता में थाना पीजीआई पुलिस और कल्ली यार्ड पुलिस लाइन की संयुक्त टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस का कहना है कि दोनों आरोपियों के आपराधिक इतिहास की भी जांच की जा रही है और आवश्यकतानुसार आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

