लखनऊ 12 जून (आरएनएस )। राजधानी के सुशांत गोल्फ सिटी थाना क्षेत्र में दहेज उत्पीडऩ और आत्महत्या से जुड़े एक मामले में पुलिस ने मृतका के पति को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया है। पुलिस के अनुसार मृतका के परिजनों की शिकायत पर पति, ससुर और सास के विरुद्ध दहेज प्रताडऩा तथा अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।पुलिस के मुताबिक 11 जून 2026 को जौनपुर जनपद के महुआरी गांव निवासी सूरज लाल यादव ने थाना सुशांत गोल्फ सिटी में तहरीर देकर आरोप लगाया कि उनकी पुत्री को उसके ससुराल पक्ष के लोग दहेज की मांग को लेकर लगातार प्रताडि़त करते थे। आरोप है कि पति तथा अन्य ससुरालीजन उसे मानसिक और शारीरिक रूप से परेशान करते थे तथा आए दिन उसके साथ मारपीट भी की जाती थी। लगातार हो रहे उत्पीडऩ से परेशान होकर उनकी पुत्री ने आत्महत्या कर ली।पीडि़त पिता की शिकायत के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की। मामले में पति अजय कुमार यादव, ससुर अमरजीत यादव तथा सास शीला देवी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं एवं दहेज प्रतिषेध अधिनियम के तहत अभियोग पंजीकृत किया गया।घटना के अनावरण और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस उपायुक्त दक्षिणी के निर्देशन में विशेष टीम गठित की गई। विवेचना के दौरान पुलिस लगातार आरोपियों की तलाश कर रही थी। इसी क्रम में 12 जून को पुलिस टीम प्लासियो मॉल तिराहा और अहिमामऊ क्षेत्र में संदिग्ध व्यक्तियों की तलाश में भ्रमण कर रही थी। तभी मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने अहिमामऊ चौराहे के पास से आरोपी अजय कुमार यादव को गिरफ्तार कर लिया।गिरफ्तार आरोपी की पहचान अजय कुमार यादव पुत्र अमरजीत यादव निवासी ग्राम पाली, पोस्ट गोठांव, थाना बरसठी, जनपद जौनपुर के रूप में हुई है। आरोपी की उम्र लगभग 30 वर्ष बताई गई है और वह पेशे से इलेक्ट्रिशियन है।पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसका विवाह वर्ष 2021 में प्रियंका यादव के साथ हुआ था। उसके अनुसार विवाह के बाद से ही पति-पत्नी के बीच संबंध सामान्य नहीं थे और अक्सर दोनों के बीच विवाद होता रहता था। आरोपी ने बताया कि 10 जून 2026 को उसकी पत्नी ने आत्महत्या कर ली थी। घटना के बाद वह भयभीत हो गया था और कहीं दूर जाने की कोशिश कर रहा था, तभी पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई पूरी करने के बाद न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत कर दिया है। वहीं मामले में नामजद अन्य आरोपियों ससुर अमरजीत यादव और सास शीला देवी की तलाश के लिए पुलिस लगातार दबिश दे रही है।पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की विवेचना गंभीरता से की जा रही है और उपलब्ध साक्ष्यों, गवाहों के बयान तथा अन्य तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। साथ ही आत्महत्या के पीछे की परिस्थितियों और दहेज उत्पीडऩ के आरोपों की भी गहन जांच की जा रही है।पुलिस का कहना है कि महिलाओं के उत्पीडऩ, दहेज प्रताडऩा और घरेलू हिंसा से जुड़े मामलों में दोषियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी तथा पीडि़त परिवार को न्याय दिलाने के लिए सभी आवश्यक कानूनी कदम उठाए जाएंगे।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

