नई दिल्ली 13 June (Rns): रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने पाकिस्तान को कड़ा संदेश देते हुए कहा है कि भारत आतंकवाद को संरक्षण देने वालों तक सिंधु नदी का पानी नहीं पहुंचने देगा। उन्होंने स्पष्ट कहा कि जब तक पाकिस्तान सीमा पार आतंकवाद पूरी तरह बंद नहीं करता, तब तक सिंधु जल संधि (IWT) निलंबित ही रहेगी। रक्षा मंत्री हैदराबाद में आयोजित एक ‘बुद्धिजीवी सम्मेलन’ को संबोधित कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने ‘ऑपरेशन सिंदूर’, पहलगाम आतंकी हमले और उसके बाद सिंधु जल संधि को निलंबित किए जाने का उल्लेख किया।
राजनाथ सिंह ने कहा कि ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के जरिए भारत ने दुनिया को यह दिखा दिया है कि जो लोग शांति और सद्भाव की भाषा नहीं समझते, उन्हें जवाब देना भी भारत अच्छी तरह जानता है। उन्होंने कहा, “पहलगाम आतंकी हमले के बाद सिंधु जल संधि को निलंबित कर हमने साफ संदेश दिया है कि जिनके आंसू सूख चुके हैं, उन्हें हमसे पानी की उम्मीद नहीं करनी चाहिए। हम सिंधु नदी का पानी आतंकवादियों और मानवता के दुश्मनों के संरक्षकों तक नहीं पहुंचने देंगे।”
रक्षा मंत्री का यह बयान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की उस टिप्पणी की पुनरावृत्ति माना जा रहा है, जिसमें उन्होंने कहा था कि “खून और पानी एक साथ नहीं बह सकते।”

