० विद्यार्थियों की सुरक्षा को लेकर संयुक्त जांच अभियान, बस चालकों का स्वास्थ्य परीक्षण भी किया गया
बलरामपुर, 13 जून (आरएनएस)। विद्यार्थियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जिला प्रशासन, परिवहन विभाग और पुलिस द्वारा स्कूल एवं कॉलेज बसों का विशेष जांच अभियान चलाया गया। एक दिवसीय विशेष चेकिंग अभियान के तहत शंकरगढ़, रामानुजगंज और वाड्रफनगर क्षेत्र में कुल 50 स्कूल बसों का औचक निरीक्षण किया गया।
यह कार्रवाई 8 जून को आयोजित जिला स्तरीय सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में कलेक्टर एवं पुलिस अधीक्षक द्वारा दिए गए निर्देशों के पालन में की गई। पुलिस अधीक्षक वैभव बैंकर और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विश्व दीपक त्रिपाठी के मार्गदर्शन में परिवहन, पुलिस एवं यातायात विभाग की संयुक्त टीम ने स्कूल बसों की जांच की।
जांच के दौरान रामानुजगंज में 20, शंकरगढ़ में 17 तथा वाड्रफनगर में 13 बसों का निरीक्षण किया गया। टीम ने बसों के पंजीयन प्रमाण पत्र, फिटनेस, बीमा, परमिट, प्रदूषण प्रमाण पत्र, स्पीड गवर्नर तथा चालक के ड्राइविंग लाइसेंस सहित विभिन्न दस्तावेजों की जांच की। साथ ही हेडलाइट, ब्रेक लाइट, इंडिकेटर, टायर, वाइपर, ब्रेक, हॉर्न और अन्य सुरक्षा उपकरणों की स्थिति भी परखी गई।

निरीक्षण के दौरान शंकरगढ़ की 5 और रामानुजगंज की 8 बसों में विभिन्न खामियां पाई गईं। परिवहन विभाग ने कुल 13 बसों पर 14 हजार रुपये का चालान करते हुए संबंधित संस्थाओं को कमियों को शीघ्र दूर करने के निर्देश दिए।
अभियान के दौरान बस चालकों का स्वास्थ्य परीक्षण भी किया गया। उच्च रक्तचाप और मधुमेह से पीडि़त चालकों को नियमित दवा लेने तथा कमजोर दृष्टि वाले चालकों को चश्मा पहनकर वाहन चलाने की सलाह दी गई। अधिकारियों ने बसों में निर्धारित क्षमता से अधिक बच्चों को नहीं बैठाने और यातायात नियमों का सख्ती से पालन करने के निर्देश भी दिए।
जिला प्रशासन और पुलिस विभाग ने सभी विद्यालय प्रबंधन एवं वाहन संचालकों से विद्यार्थियों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए शासन द्वारा निर्धारित सभी सुरक्षा मानकों का पूर्ण पालन सुनिश्चित करने की अपील की है।
००००

