रायपुर, 13 जून (आरएनएस)। छत्तीसगढ़ के लोक शिक्षण संचालनालय (डीपीआई) ने सोशल मीडिया पर वायरल हो रही उस खबर को पूरी तरह फर्जी और भ्रामक बताया है, जिसमें राज्य के स्कूलों को 1 जुलाई 2026 से खोले जाने का दावा किया जा रहा था। विभाग ने स्पष्ट किया है कि प्रदेश के सभी शासकीय और अशासकीय स्कूल निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 16 जून 2026 से ही संचालित होंगे।
डीपीआई द्वारा 12 जून 2026 को जारी आधिकारिक आदेश में कहा गया है कि शैक्षणिक सत्र 2026-27 का नियमित संचालन 16 जून (मंगलवार) से शुरू होगा। हाल के दिनों में सोशल मीडिया पर भीषण गर्मी का हवाला देते हुए स्कूलों के खुलने की तिथि 1 जुलाई बताए जाने की खबर तेजी से प्रसारित हो रही थी, जिससे विद्यार्थियों, अभिभावकों और शिक्षकों के बीच भ्रम की स्थिति पैदा हो गई थी।
विभाग ने बताया फर्जी और भ्रामक
लोक शिक्षण संचालनालय ने साफ कहा है कि स्कूल खुलने की तारीख में किसी प्रकार का बदलाव नहीं किया गया है। सोशल मीडिया पर प्रसारित सूचना पूरी तरह असत्य और भ्रामक है। विभाग ने लोगों से अपील की है कि वे केवल आधिकारिक आदेशों और विभागीय सूचना पर ही भरोसा करें।
स्कूलों में शुरू हुई तैयारियां
विभाग ने सभी प्राचार्यों और शिक्षकों को निर्देश दिए हैं कि वे 16 जून से शुरू होने वाले नए शैक्षणिक सत्र और शाला प्रवेश उत्सव की तैयारियां समय पर पूर्ण करें। साथ ही विद्यार्थियों के स्वागत और शैक्षणिक गतिविधियों के सुचारू संचालन की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया है।
अभिभावकों से अपील
शिक्षा विभाग ने अभिभावकों और विद्यार्थियों से कहा है कि वे किसी भी अपुष्ट या सोशल मीडिया आधारित खबर पर विश्वास न करें। स्कूल शिक्षा से जुड़ी जानकारी के लिए केवल विभागीय वेबसाइट, आधिकारिक आदेश और प्रेस विज्ञप्तियों को ही प्रमाणिक माना जाए।
फिलहाल डीपीआई के इस स्पष्टीकरण के बाद स्कूल खुलने की तारीख को लेकर फैली भ्रम की स्थिति समाप्त हो गई है और प्रदेशभर में 16 जून से नए शैक्षणिक सत्र की शुरुआत की तैयारियां तेज हो गई हैं।
०००
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

