नईदिल्ली,13 जून(आरएनएस)। भारत ने अपनी रणनीतिक मिसाइल रक्षा प्रणाली को लेकर अहम कामयाबी हासिल की है। रक्षा अनुसंधान और विकास संगठन (डीआरडीओ) ने बहुस्तरीय बैलिस्टिक मिसाइल रक्षा (बीएमडी) प्रणाली का सफलतापूर्वक परीक्षण किया है। 10 और 11 जून को किए गए लगातार 3 परीक्षणों में भारत की मल्टी-लेयर्ड बीएमडी प्रणाली ने अपने लक्ष्यों को सफलतापूर्वक ध्वस्त कर दिया है। इसी के साथ भारत अब उन चुनिंदा देशों में शामिल हो गया है, जिनके पास ये क्षमता है।
परीक्षण के दौरान इंटरसेप्टर ने लक्ष्य को सफलतापूर्वक निशाना बनाया। इससे एडवांस्ड और नई तकनीक से बने लेयर्ड डिफेंस सिस्टम की क्षमता साबित हुई, जिसे मिसाइल खतरों का मुकाबला करने के लिए बनाया गया है। रक्षा मंत्रालय ने बताया कि परीक्षणों के दौरान दागी गई इंटरसेप्टर मिसाइलों ने अपने निर्धारित लक्ष्यों को सफलतापूर्वक भेदते हुए खतरों को निष्क्रिय कर दिया। मंत्रालय ने बताया कि इन प्रणालियों को मिसाइल खतरों से निपटने के लिए अत्याधुनिक तकनीकों से विकसित किया गया है।
इन परीक्षणों के दौरान डीआरडीओ ने नौसेना के लिए विकसित मध्यम दूरी की नई एंटी-शिप मिसाइल नेवल एंटी-शिप मिसाइल-मीडियम रेंज (एनएएसएम-एमआर) का भी पहला सफल उड़ान परीक्षण किया। यह मिसाइल समुद्र में दुश्मन के युद्धपोतों और नौसैनिक लक्ष्यों को निशाना बनाने में सक्षम है। यह भारत की समुद्री रक्षा क्षमताओं को मजबूत करने की दिशा में एक बड़ी उपलब्धि है। इससे हिंद महासागर क्षेत्र में भारत की परिचालन स्थिति सुदृढ़ होने की उम्मीद है।
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा, ‘डीआरडीओ ने दुश्मन खतरों के खिलाफ राष्ट्र की रक्षा क्षमताओं को मजबूत करने वाली कई महत्वपूर्ण प्रौद्योगिकियों का सफलतापूर्वक प्रदर्शन किया है। इन परीक्षणों ने भारत को आईसीबीएम को मार गिराने की बैलिस्टिक मिसाइल रक्षा क्षमताओं वाले देशों के विशिष्ट समूह में डाल दिया है। नौसेना एंटी-शिप मिसाइल-मीडियम रेंज के पहले उड़ान परीक्षण के दौरान मध्यम दूरी पर एंटी-शिप रक्षा का प्रदर्शन किया गया। इन प्रौद्योगिकियों का सफलतापूर्वक प्रदर्शन के लिए डीआरडीओ को बधाई।’
मल्टी लेयर्ड बीएमडी दुश्मन की बैलिस्टिक मिसाइलों को लक्ष्य तक पहुंचने से पहले ही नष्ट करता है। इस प्रक्रिया में सबसे पहले रडार मिसाइल का पता लगाते हैं, फिर कमांड सेंटर खतरे का आकलन कर इंटरसेप्टर मिसाइल छोड़ते हैं। ये मिसाइल हवा में ही दुश्मन की मिसाइल को नष्ट कर देती है। मल्टी लेयर्ड का मतलब अगर पहली इंटरसेप्टर मिसाइल लक्ष्य को नष्ट नहीं कर पाती, तो तुरंत दूसरी दागी जाती है।
००
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

