रामगढ़,13 जून(आरएनएस)। झारखंड के रामगढ़ जिले में एक बंद खदान में जहरीली गैस लीक होने से चार लोगों की मौत हो गई. यह घटना रामगढ़ वन क्षेत्र के चपरी-बुमरी इलाके में हुई, जहां कुछ लोग कोयले का उत्खनन करने बंद पड़े खदान में उतर थे. रामगढ़ सदर अस्पताल के उपाधीक्षक डॉ. हरेंद्र कुमार महतो ने चारों की मौत की पुष्टि की है.
जानकारी के मुताबिक, कुछ लोग कोयला निकालने के लिए बंद खदान में घुसे थे. अचानक खदान के अंदर गैस लीक होने लगी. घटना की जानकारी मिलते ही आस-पास के गांव वालों की भीड़ मौके पर जमा हो गई. पुलिस और सीसीएल की टीमों को सूचना दी गई. रेस्क्यू के बाद चारों लोगों को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने दो को मृत घोषित कर दिया और दो अन्य की इलाज के दौरान मौत हो गई.
मृतकों की पहचान छोटकी टोंगी सिरका अरगड्डा के रहने वाले देवा कुमार बेदिया और डब्ल्यू बेदिया और सिरका बुध बाजार के रहने वाले आशीष रजवार और किशोर रवानी के तौर पर हुई है.
रामगढ़ सदर अस्पताल के उपाधीक्षक हरेंद्र कुमार महतो ने बताया कि पुलिस और स्थानीय लोग चार लोगों को इलाज के लिए लाए थे. दो की मौत हो चुकी थी, जबकि दो अन्य की इलाज के दौरान मौत हो गई. कुल चार लोगों की मौत हुई है. पोस्टमार्टम के लिए डॉक्टरों की एक टीम बनाई गई है. पोस्टमार्टम हाउस पर मजिस्ट्रेट के तौर पर उदय श्रीवास्तव, अभिजीत कुमार और आलोक कुमार समेत तीन डॉक्टरों की टीम के साथ रामगढ़ के अंचलाधिकारी रमेश रविदास मौजूद हैं.
माइन्स सुपरिटेंडेंट विकास कुमार ने बताया कि गैस लीक की सूचना मिली थी. जब वे अपनी 12 लोगों की टीम के साथ मौके पर पहुंचे तो उन्होंने पाया कि माइंस में जहरीली गैस और ऑक्सीजन की कमी थी.
००
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

