कोलकाता/हुगली,13 जून(आरएनएस)। जहां अभिषेक बनर्जी की परेशानी बढ़ रही है वहीं उनके पर्सनल असिस्टेंट सुमित रॉय पर गिरफ्तारी की तलवार लटक रही है। अभिषेक बनर्जी के उक्त पीए पर जमीन हड़पने और चुनाव में टिकट दिलाने के बदले बड़ी रकम वसूलने जैसे कई आरोप हैं, जिनकी वजह से पुलिस उनसे पूछताछ करना चाहती है। आज तड़के, सालवनी थाने की पुलिस ने अभिषेक के कालीघाट स्थित घर पर भी तलाशी ली, लेकिन वे नहीं मिले और अभी भी फरार हैं। जब मीडिया कर्मी उनकी तलाश में हुगली के श्रीरामपुर में उनके ससुराल पहुंचे, तो मीडिया कर्मियों के साथ बदसलूकी किया गया। सुमित रॉय की सास ने कहा कि वह लोग “परिवार की प्राइवेसी का उल्लंघन” कर रहे हैं और फिर उनके मुंह पर खिड़की जोर से बंद कर दी। उन्होंने यह भी बताया कि सुमित पिछले कुछ दिनों से ससुराल नहीं आए हैं। पत्रकारों के यह पूछने पर कि सुमित अभी कहां है, उसकी सास गुस्से से भर गईं। उन्होंने नाराजगी जताते हुए कहा, “आप पता लगाइए कि वह कहां है। यह आपकी पुलिस, आपका प्रशासन और आपका ही राज है! यहां कोई राजनीति नहीं हो रही है। आप हमारे परिवार की प्राइवेसी में दखल दे रहे हैं—यहां तक कि खिड़कियों से कैमरे भी घुसा रहे हैं! मैंने अब तक बहुत तमीज से बात की है; अब मुझे और कुछ नहीं कहना है।”
पुलिस द्वारा गिरफ्तार किए जाने के बाद, मेदिनीपुर से तृणमूल के हारे हुए उम्मीदवार सुजय हाजरा ने आरोप लगाया कि सुमित रॉय ने चुनाव का टिकट दिलाने के बहाने उनसे बड़ी रकम वसूली थी। इस आरोप पर कार्रवाई करते हुए, पुलिस ने शनिवार तड़के अभिषेक बनर्जी के कालीघाट स्थित आवास की तलाशी ली। उन्होंने मोबाइल टावर लोकेशन डेटा के जरिए सुमित रॉय को ट्रैक किया, लेकिन वह वहां नहीं मिले। इसके बाद मीडिया कर्मी इस मामले की जानकारी लेने श्रीरामपुर पहुंचे, लेकिन अपना काम करने की कोशिश के दौरान उनके साथ बदसलूकी की गई और उन्हें बाहर निकाल दिया गया।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

