पश्चिम बर्द्धमान,13 जून(आरएनएस)। शादी के एक दिन पहले शनिवार सुबह दुर्गापुर-फरीदपुर ब्लॉक के जामगढ़ा इलाके में एक पेड़ से युगल का शव लटका मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतकों की पहचान ब्यूटी बागदी (19) और सुकुमार बागदी (23) के रूप में हुई है। पुलिस सूत्रों के अनुसार, सुकुमार का घर अंडाल के दक्षिणखंड इलाके में जबकि ब्यूटी जामगढ़ा की निवासी थी। स्थानीय लोगों के अनुसार, दोनों के बीच लंबे समय से प्रेम संबंध था। हालांकि सुकुमार पहले से विवाहित था, जिसके कारण परिवार की ओर से ब्यूटी की शादी किसी अन्य युवक से तय कर दी गई थी। रविवार को उसकी शादी होने वाली थी। लेकिन नई जिंदगी की शुरुआत से पहले ही यह दर्दनाक घटना सामने आ गई। शनिवार सुबह स्थानीय लोगों ने दोनों के शव पेड़ से लटके हुए देखे और तुरंत पुलिस को सूचना दी। सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए दुर्गापुर महकमा अस्पताल भेज दिया। ब्यूटी के परिजन विधान बागदी ने बताया कि दोनों के बीच लंबे समय से प्रेम संबंध था, लेकिन सुकुमार के विवाहित होने के कारण परिवार ने ब्यूटी की शादी कहीं और तय कर दी थी। शादी से ठीक पहले इस घटना ने पूरे परिवार को सदमे में डाल दिया। पुलिस प्राथमिक तौर पर इसे आत्महत्या का मामला मानकर जांच कर रही है। घटना के बाद दोनों परिवारों और पूरे इलाके में शोक का माहौल है।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

