नारायणपुर, 14 जून (आरएनएस)। रात के सन्नाटे में एक युवक की जिंदगी और मौत के बीच चल रही जंग को डायल-112 की तत्परता ने जीत में बदल दिया। फरसगांव क्षेत्र के आमगांव कुढ़ापारा में एक युवक द्वारा जहर सेवन किए जाने की सूचना रात करीब 2:30 बजे कंट्रोल रूम को मिली।
सूचना मिलते ही डायल-112 की ईआरवी टीम बिना समय गंवाए घटनास्थल के लिए रवाना हुई। मौके पर पहुंचने पर युवक अचेत अवस्था में मिला और उसकी हालत बेहद गंभीर थी। पुलिस जवानों ने मानवीय संवेदनशीलता और तत्परता दिखाते हुए युवक को तत्काल वाहन में बैठाकर जिला अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों के अनुसार यदि युवक को अस्पताल पहुंचाने में थोड़ी भी देरी होती तो स्थिति और गंभीर हो सकती थी। समय पर मिले उपचार के कारण उसकी जान बच गई। घटना के बाद क्षेत्र के लोगों ने डायल-112 टीम की सराहना करते हुए कहा कि पुलिस की त्वरित कार्रवाई ने एक परिवार को बड़ा दुख झेलने से बचा लिया। इस घटना ने एक बार फिर साबित कर दिया कि आपातकालीन परिस्थितियों में डायल-112 सिर्फ एक सेवा नहीं, बल्कि जरूरतमंदों के लिए जीवनरक्षक व्यवस्था है।
बंछोर
000
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

