दुर्ग, 14 जून (आरएनएस)। ऑनलाइन बेटिंग एप के जरिए सट्टा संचालन करने वालों पर दुर्ग पुलिस का शिकंजा लगातार कसता जा रहा है। स्मृतिनगर पुलिस और एसीसीयू की संयुक्त टीम ने खम्हरिया स्थित एक होटल में कार्रवाई कर ऑनलाइन सट्टे के कारोबार में लिप्त दो युवकों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास से मोबाइल, टैब और नगदी समेत करीब 1.25 लाख रुपये की सामग्री जब्त की गई है।
पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि खम्हरिया स्थित रियों होटल में कुछ लोग ऑनलाइन बेटिंग गेमिंग एप के माध्यम से सट्टा गतिविधियों का संचालन कर रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस और एसीसीयू की टीम ने संयुक्त रूप से होटल में दबिश दी। मौके पर दो युवक मोबाइल और टैब के जरिए संदिग्ध गतिविधियों में लिप्त मिले। जांच के दौरान दोनों ने ऑनलाइन बेटिंग प्लेटफॉर्म का उपयोग कर सट्टा खेलने और उससे आर्थिक लाभ अर्जित करने की बात स्वीकार की। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से दो मोबाइल फोन, एक टैब और 60 हजार रुपये नगद बरामद किए। जब्त सामग्री की कुल अनुमानित कीमत लगभग 1 लाख 25 हजार रुपये बताई गई है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान शेख अकरम (24 वर्ष) और अनीष कुमार (27 वर्ष) के रूप में हुई है। दोनों भिलाई के निवासी हैं। पुलिस ने उनके खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम 2022 के तहत मामला दर्ज कर गिरफ्तार किया और न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
बंछोर
०००
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

