दुर्ग, 03 जून (आरएनएस)। जिले में सार्वजनिक स्थानों पर शराब सेवन, अड्डेबाजी तथा कानून-व्यवस्था प्रभावित करने वाली गतिविधियों पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से दुर्ग पुलिस द्वारा विशेष अभियान चलाया गया। अभियान के तहत जिले के सभी थाना एवं चौकी क्षेत्रों में सघन चेकिंग और निगरानी करते हुए कुल 90 प्रकरणों में वैधानिक कार्रवाई की गई। पुलिस ने चौक-चौराहों, पार्कों, बाजार क्षेत्रों एवं अन्य संवेदनशील सार्वजनिक स्थलों पर विशेष निगरानी रखी। कार्रवाई के दौरान सार्वजनिक स्थानों पर शराब सेवन करने तथा अड्डेबाजी कर शांति व्यवस्था प्रभावित करने वाले व्यक्तियों के विरुद्ध छत्तीसगढ़ आबकारी अधिनियम की धारा 36(च) के तहत प्रकरण दर्ज किए गए। थानावार कार्रवाई में थाना सुपेला में सर्वाधिक 12 प्रकरण दर्ज किए गए। इसके अलावा अंजोरा में 7, उतई, पुरानी भिलाई, वैशाली नगर एवं जामुल में 6-6, छावनी, पद्मनाभपुर एवं दुर्ग में 5-5, नेवई, खुर्सीपार एवं अंडा में 4-4, पाटन, अमलेश्वर एवं मोहन नगर में 3-3, नंदिनी नगर, बोरी, रानीतराई, पुलगांव एवं कुम्हारी क्षेत्र में 2-2 तथा मचांदूर में 1 प्रकरण दर्ज किया गया। दुर्ग पुलिस ने बताया कि अपराध नियंत्रण एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए इस प्रकार के विशेष अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे। अभियान को सफल बनाने में जिले के सभी थाना प्रभारियों, थाना एवं चौकी स्टाफ, पेट्रोलिंग टीमों तथा अन्य पुलिस अधिकारियों-कर्मचारियों की सराहनीय भूमिका रही।
पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे सार्वजनिक स्थानों पर शराब सेवन एवं अड्डेबाजी जैसी गतिविधियों से दूर रहें तथा किसी भी संदिग्ध या असामाजिक गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को दें, ताकि सुरक्षित और शांतिपूर्ण समाज के निर्माण में सहयोग मिल सके।
0

