धमतरी, 14 जून (आरएनएस)। धमतरी जिले में मानवता की सेवा में लगी एम्बुलेंस पर हमला करने के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। आरोपियों ने एम्बुलेंस चालक से मारपीट की और वाहन में तोडफ़ोड़ कर लाखों रुपये की क्षति पहुंचाई थी। घटना 8 जून की रात की बताई जा रही है, जब उमरदा गौठान के पास एक सड़क हादसा हुआ था। हादसे में एक व्यक्ति की मौत की सूचना मिलने पर वंदे मातरम परिवार समिति की एम्बुलेंस मौके पर राहत कार्य के लिए पहुंची थी। एम्बुलेंस चालक राधेश्याम निर्मलकर भी तत्काल घटनास्थल पर पहुंचे थे। इसी दौरान कुछ लोगों ने एम्बुलेंस के देर से पहुंचने की बात को लेकर चालक से विवाद शुरू कर दिया। विवाद बढऩे पर आरोपियों ने चालक के साथ गाली-गलौच की, जान से मारने की धमकी दी और हाथ-मुक्कों से हमला कर दिया। इसके बाद उन्होंने एम्बुलेंस वाहन को भी निशाना बनाया और उसमें जमकर तोडफ़ोड़ की। हमले में एम्बुलेंस के सामने का शीशा, बोनट, एंटीगेटर और अन्य हिस्से क्षतिग्रस्त हो गए। इस घटना में वाहन को लगभग एक लाख रुपये से अधिक का नुकसान पहुंचा है। इस हमले के बाद एम्बुलेंस सेवा में बाधा उत्पन्न हुई और क्षेत्र में आक्रोश फैल गया। घटना के बाद पीडि़त चालक ने थाना कुरूद में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस ने प्रार्थी और गवाहों के बयान दर्ज किए, घटनास्थल का निरीक्षण किया और उपलब्ध वीडियो फुटेज की जांच की। जांच के दौरान पुलिस ने आरोपियों की पहचान कर ली और तीन लोगों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों में रमन दीवान, तामेश्वर पटेल और फनेन्द्र उर्फ विक्की चंद्राकर शामिल हैं। पूछताछ में तीनों ने घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है। पुलिस ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
बंछोर
000
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

