बालोद, 14 जून (आरएनएस)। दल्लीराजहरा के राम मंदिर में हुई चोरी की घटना ने श्रद्धालुओं को हैरान कर दिया है। जहां भक्त पूजा-अर्चना के लिए पहुंचते हैं, वहीं अज्ञात दो महिलाओं ने मंदिर की पूजन सामग्री और बर्तनों पर हाथ साफ कर दिया। राहत की बात यह रही कि उनकी पूरी करतूत मंदिर में लगे सीसीटीवी कैमरों में रिकॉर्ड हो गई।
मामले का खुलासा तब हुआ जब सुबह मंदिर के पुजारी ने पूजा के दौरान कुछ सामग्री और बर्तनों को गायब पाया। जांच करने पर चोरी की आशंका हुई, जिसके बाद तत्काल दल्लीराजहरा थाने में शिकायत दर्ज कराई गई। पुलिस द्वारा खंगाले गए सीसीटीवी फुटेज में दो महिलाएं मंदिर परिसर में संदिग्ध गतिविधियां करती दिखाई दे रही हैं। फुटेज के अनुसार दोनों महिलाएं पहले परिसर का जायजा लेती हैं, फिर धीरे-धीरे पूजन सामग्री और बर्तनों को समेटकर वहां से निकल जाती हैं। पुलिस अब फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान करने में जुटी हुई है। आसपास के क्षेत्रों और बाजारों में भी महिलाओं के संबंध में जानकारी जुटाई जा रही है। प्रारंभिक जांच में पूजा में इस्तेमाल होने वाली सामग्री और कुछ बर्तनों के चोरी होने की पुष्टि हुई है, जबकि चोरी गए सामान का पूरा विवरण तैयार किया जा रहा है। दल्लीराजहरा पुलिस का कहना है कि तकनीकी साक्ष्यों और सीसीटीवी फुटेज की मदद से आरोपियों तक जल्द पहुंचने का प्रयास किया जा रहा है।
बंछोर
000
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

