दुर्ग, 14 जून (आरएनएस)। सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने और आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से दुर्ग यातायात पुलिस द्वारा नशे की हालत में वाहन चलाने वालों के खिलाफ सख्त अभियान लगातार जारी है। शहर के ब्लैक स्पॉट, ग्रे स्पॉट, मार्केट क्षेत्र, चौपाटी, माल रोड सहित प्रमुख मार्गों पर फिक्स चेकिंग पॉइंट बनाकर ब्रेथ एनालाइजर मशीन से वाहन चालकों की जांच की जा रही है।
यातायात पुलिस के अनुसार विगत एक सप्ताह के दौरान शराब सेवन कर वाहन चलाते पाए गए 109 वाहन चालकों के विरुद्ध मोटरयान अधिनियम की धारा 185 के तहत कार्रवाई की गई है। वहीं वर्ष 2026 में अब तक 1506 वाहन चालकों पर इसी धारा के अंतर्गत वैधानिक कार्रवाई कर सड़क सुरक्षा नियमों का कड़ाई से पालन कराया गया है।

पुलिस द्वारा शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में प्रतिदिन सुबह और रात के समय विशेष जांच अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के दौरान लक्जरी वाहन, बस, कार और भारी वाहनों के चालकों की विशेष रूप से जांच की जा रही है।
यातायात पुलिस ने बताया कि 1 जनवरी 2026 से 13 जून 2026 तक दर्ज प्रकरणों में न्यायालय द्वारा दोषी वाहन चालकों पर 10 हजार से 15 हजार रुपये तक का अर्थदंड लगाया गया है।
इसी कड़ी में 14 जून को सुबह करीब 10 बजे वाहन जांच के दौरान एक तवेरा चालक शराब के नशे में वाहन चलाते मिला। ब्रेथ एनालाइजर जांच में चालक के शरीर में 140 द्वद्द/100 द्वद्य अल्कोहल पाया गया, जो निर्धारित सीमा से काफी अधिक था। पुलिस ने तत्काल वाहन जब्त कर चालक के विरुद्ध मोटरयान अधिनियम की धारा 185 के तहत कार्रवाई की।
यातायात पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि शराब सेवन करने के बाद वाहन न चलाएं और स्वयं के साथ-साथ अन्य लोगों की सुरक्षा का भी ध्यान रखें।
0

