गरियाबंद, 14 जून (आरएनएस)। समाज में जागरूकता का संदेश फैलाने के लिए नुक्कड़ नाटकों का सहारा लेने वाले ग्राम बारूला के बाल कलाकारों को गरियाबंद पुलिस ने सम्मानित कर उनका उत्साह बढ़ाया। पुलिस अधीक्षक वेदव्रत सिरमौर ने बच्चों से मुलाकात कर उनके प्रयासों की सराहना की और उन्हें पुरस्कृत किया।
ग्राम बारूला के ये बच्चे कम उम्र में ही सामाजिक जिम्मेदारी निभाते हुए गांव-गांव जाकर नुक्कड़ नाटकों के माध्यम से लोगों को जागरूक कर रहे हैं। उनके नाटकों के प्रमुख विषय शिक्षा का महत्व, नशामुक्ति, यातायात नियमों का पालन और साइबर अपराधों से बचाव जैसे सामाजिक सरोकारों से जुड़े हैं।
बच्चों की इस पहल की जानकारी मिलने पर पुलिस अधीक्षक वेदव्रत सिरमौर ने स्वयं उनसे मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने बच्चों के अनुभव सुने और समाज के प्रति उनकी सकारात्मक सोच एवं समर्पण की प्रशंसा की।
पुलिस अधीक्षक ने कहा कि बच्चे देश का भविष्य हैं और ग्राम बारूला के इन बच्चों ने यह साबित कर दिया है कि समाज में बदलाव लाने के लिए उम्र नहीं, बल्कि अच्छी सोच और मजबूत संकल्प की आवश्यकता होती है। उन्होंने कहा कि पुलिस प्रशासन ऐसे सभी प्रयासों का स्वागत और समर्थन करता है, जो समाज को सही दिशा देने का कार्य करते हैं।

कार्यक्रम के अंत में सभी बाल कलाकारों को सम्मानित एवं पुरस्कृत किया गया। पुलिस प्रशासन ने उम्मीद जताई कि यह सम्मान बच्चों का आत्मविश्वास बढ़ाएगा और वे भविष्य में भी सामाजिक जागरूकता के ऐसे अभियानों से जुड़े रहेंगे।
इस पहल को ग्रामीण क्षेत्र में जनजागरूकता का एक प्रेरणादायक उदाहरण माना जा रहा है, जहां बच्चे अपनी कला के माध्यम से समाज में सकारात्मक बदलाव लाने का प्रयास कर रहे हैं।

0

