बिलासपुर, 14 जून (आरएनएस)। अवैध शराब कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत रतनपुर पुलिस ने एक शराब कोचिये को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 12 लीटर कच्ची महुआ शराब और बिक्री की रकम बरामद की है। आरोपी के खिलाफ आबकारी एक्ट के तहत कार्रवाई कर उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बिलासपुर रजनेश सिंह के निर्देश पर जिले में नशे के कारोबारियों के विरुद्ध लगातार कार्रवाई की जा रही है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) मधुलिका सिंह तथा एसडीओपी कोटा नूपुर उपाध्याय के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी रतनपुर विष्णु यादव के नेतृत्व में टीम गठित की गई थी।
13 जून को पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम दफईपारा में एक व्यक्ति बड़ी मात्रा में महुआ शराब रखकर बिक्री कर रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मौके पर दबिश दी और आरोपी रन्नू लाल मरावी (32 वर्ष) निवासी दफईपारा, थाना रतनपुर को गिरफ्तार किया।
तलाशी के दौरान आरोपी के घर की बाड़ी से 12 लीटर कच्ची महुआ शराब जिसकी अनुमानित कीमत 2,400 रुपये है तथा 120 रुपये की बिक्री रकम बरामद कर जब्त की गई। इसके बाद आरोपी के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी विष्णु यादव, प्रधान आरक्षक कौशल खुंटे, आरक्षक धनराज कुम्भकार, आकाश डोंगरे, देवानंद चंद्राकर तथा महिला आरक्षक स्वाति बंजारे की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
रतनपुर पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अवैध शराब कारोबार और नशे के कारोबारियों के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।
0

