बिलासपुर, 14 जून (आरएनएस)। सकरी थाना क्षेत्र में घर का ताला तोड़कर सोने-चांदी के जेवरात चोरी करने वाले दो आरोपियों को सकरी पुलिस ने घटना के कुछ ही घंटों के भीतर गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब 60 हजार रुपये मूल्य के चोरी गए जेवरात भी बरामद कर लिए हैं। इस सफलता में डॉग स्क्वॉड और एफएसएल टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
पुलिस के अनुसार साईं नगर उस्लापुर निवासी नीता बघेल ने 13 जून को थाना सकरी में शिकायत दर्ज कराई थी कि वह कृष्णा अस्पताल में कार्यरत हैं और 12 जून की रात ड्यूटी पर जाने से पहले घर में ताला लगाकर गई थीं। अगले दिन सुबह लौटने पर घर का ताला टूटा मिला तथा अलमारी में रखे सोने-चांदी के जेवरात और नकदी गायब थे। चोरी गए सामान की कुल कीमत लगभग 60 हजार रुपये बताई गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बिलासपुर रजनेश सिंह के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) पंकज कुमार पटेल एवं नगर पुलिस अधीक्षक (सिविल लाइन) निमितेश सिंह परिहार के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी सकरी ने तत्काल टीम गठित कर जांच शुरू की।
घटनास्थल पर पहुंची एफएसएल टीम और डॉग स्क्वॉड ने बारीकी से निरीक्षण किया। डॉग मास्टर राम मिलन सिंह द्वारा पुलिस डॉग को घटनास्थल से मिले सुरागों की गंध सूंघाई गई, जिसके बाद डॉग सीधे साईं नगर उस्लापुर स्थित संदिग्धों के घर तक पहुंच गया। पुलिस ने संदेहियों विकास चतुर्वेदी (24 वर्ष) और अमन टंडन (20 वर्ष) से पूछताछ की। प्रारंभिक पूछताछ में दोनों ने पुलिस को गुमराह करने का प्रयास किया, लेकिन सख्ती से पूछताछ करने पर उन्होंने चोरी करना स्वीकार कर लिया।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक जोड़ी चांदी की पायल, दो चांदी के कमरबंद, एक जोड़ी सोने के कान के आभूषण, एक सोने की फुल्ली तथा अन्य चोरी गया सामान बरामद कर लिया। बरामद मशरूका की कीमत लगभग 60 हजार रुपये आंकी गई है।
सकरी पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक प्रक्रिया के तहत कार्रवाई की है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि चोरी जैसे अपराधों पर अंकुश लगाने के लिए लगातार निगरानी और त्वरित कार्रवाई की जा रही है। इस मामले के सफल खुलासे में सकरी पुलिस, एफएसएल टीम और डॉग स्क्वॉड की सराहनीय भूमिका रही।
0

