विशाखापत्तनम 14 June (rns) । विशाखापत्तनम स्टील प्लांट में 8 जून को हुए हादसे में मरने वालों की संख्या बढ़कर 10 हो गई है। कॉन्ट्रैक्ट वर्कर जी सुरीबाबू का शनिवार को एमजीएम सेवन हिल्स हॉस्पिटल में निधन हो गया, जहां उनका इलाज चल रहा था। यह हादसा 8 जून को हुआ था, जब विशाखापत्तनम स्टील प्लांट की कंपनी राष्ट्रीय इस्पात निगम लिमिटेड (आरआईएनएल) के एसएमएस-1 यूनिट में पिघला हुआ स्टील ले जा रही एक लैडल (बड़ी कड़ाही) में विस्फोट हो गया। लैडल में लगभग 1,500 डिग्री सेल्सियस के बहुत ज्यादा तापमान पर स्टील भरा हुआ था और विस्फोट के बाद पिघला हुआ स्टील बाहर रिसने लगा।
इस घटना में आठ कर्मचारियों की मौत हो गई और छह अन्य घायल हो गए। सुरीबाबू से पहले 10 जून को एक और कर्मचारी कंडुला पैदिराजू की मौत हो गई थी।
इसी बीच, हादसे में घायल दो कर्मचारियों को अस्पताल से छुट्टी दे दी गई, जबकि दो अन्य का इलाज चल रहा है और उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है।
9 जून को दुर्घटना स्थल का दौरा करने के बाद डिप्टी सीएम पवन कल्याण ने दुर्घटना में जान गंवाने वाले हर कर्मचारी के परिवार को 25-25 लाख रुपए का मुआवजा और परिवार के एक सदस्य को प्लांट में नौकरी देने की घोषणा की थी। उन्होंने गंभीर रूप से घायल और आईसीयू में इलाज करा रहे कर्मचारियों को भी 10-10 लाख रुपए का मुआवजा देने की घोषणा की।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

