• 12 वर्षों में मोदी सरकार ने विकास, सुशासन, राष्ट्रीय सुरक्षा और गरीब कल्याण का नया भारत गढ़ा।
• मुद्रा योजना से 40 करोड़ से अधिक लोगों को मिला आर्थिक संबल, 4 करोड़ से अधिक परिवारों का पक्के घर का सपना हुआ साकार।
• 64 से 174 हवाई अड्डों तक पहुंचा भारत; उड़ान और आधारभूत संरचना के क्षेत्र में ऐतिहासिक विस्तार।
• सारण में विकास की बंपर सौगात—37 हजार करोड़ रुपये की परियोजनाओं पर काम जारी, 28 हजार करोड़ रुपये की नई योजनाओं को मिली मंजूरी।
• गंगा पर दो नए मेगा पुलों के साथ उत्तर बिहार का सबसे बड़ा कनेक्टिविटी हब बनेगा सारण।
• सुपर एक्सप्रेस-वे, उत्तर रिंग रोड, एनएच चौड़ीकरण और नए पुलों से बदल जाएगी सारण की तस्वीर और तकदीर।
• ‘मां अंबिका भवानी गंगा पथ’ के रूप में गंगा तट को मिलेगा नया स्वरूप, पर्यटन और आस्था का बनेगा राष्ट्रीय केंद्र।
• 11 हजार करोड़ की गंडक परियोजना और 1400 करोड़ की नदी इंटरलिंकिंग योजना से सारण में वर्षभर जल उपलब्धता सुनिश्चित होगी।
• देश में पहली बार सारण बनेगा स्मार्ट सिंचाई का मॉडल—SCADA तकनीक से किसान डिजिटल तरीके से अपने खेतों तक पानी पहुंचा सकेंगे।
• सारण में सफल होगा स्मार्ट सिंचाई मॉडल, तो देशभर में लागू होगी यह अत्याधुनिक जल प्रबंधन व्यवस्था।
• विकास के साथ किसानों का सम्मान—उचित मुआवजा और भविष्य की आय सुरक्षा सुनिश्चित करने की दिशा में पहल।
• सोनपुर में प्रस्तावित दक्षिण एशिया का विशाल विमानन केंद्र बिहार को देगा वैश्विक पहचान।
• बिहार बनेगा फ्लाइंग ट्रेनिंग, एयरो स्पोर्ट्स और विमानन शिक्षा का नया केंद्र; युवाओं के लिए खुलेंगे नए अवसर।
• निवेश, उद्योग और रोजगार के नए द्वार खुलेंगे, विकसित बिहार के निर्माण को मिलेगी नई गति।
• प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में सारण को राष्ट्रीय विकास मॉडल के रूप में स्थापित करने की दिशा में तेज़ी से बढ़ रहे कदम।
• एनडीए के कार्यकर्ताओं के साथ वृहद कार्यक्रम आयोजित
छपरा 14 जून (आरएनएस ) । प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर आयोजित प्रेस वार्ता में सांसद राजीव प्रताप रूडी ने कहा कि यह 12 वर्षों की यात्रा केवल एक सरकार का कार्यकाल नहीं, बल्कि भारत के आत्मविश्वास, सुशासन, विकास और जनकल्याण की नई गाथा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में देश ने राजनीतिक स्थिरता, मजबूत अर्थव्यवस्था, सुदृढ़ राष्ट्रीय सुरक्षा और गरीब कल्याण के क्षेत्र में ऐतिहासिक उपलब्धियां हासिल की हैं। छोटी कुमारी, भाजपा के वरिष्ठ पदाधिकारी, कार्यकर्ता तथा बड़ी संख्या में पत्रकार उपस्थित थे। सांसद रूडी ने कहा कि पिछले 12 वर्षों में भारत के विकास का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचा है। मुद्रा योजना के माध्यम से 40 करोड़ से अधिक लोगों को ऋण उपलब्ध कराया गया, चार करोड़ से अधिक गरीब परिवारों को पक्के घर मिले, किसानों को प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि के तहत प्रत्यक्ष सहायता मिली तथा स्टार्टअप, डिजिटल इंडिया और नवाचार के क्षेत्र में भारत ने वैश्विक पहचान बनाई है। उन्होंने कहा कि आज भारत दुनिया की प्रमुख अर्थव्यवस्थाओं में शामिल है और वैश्विक मंचों पर उसकी प्रतिष्ठा लगातार बढ़ रही है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में आधारभूत संरचना के क्षेत्र में अभूतपूर्व विस्तार हुआ है। वर्ष 2014 में जहां देश में लगभग 64 हवाई अड्डे थे, वहीं आज उनकी संख्या बढ़कर लगभग 174 तक पहुंच गई है। सड़क, रेल, एक्सप्रेस-वे, सुरंग, बंदरगाह और ऊर्जा के क्षेत्र में भारत ने विकास की नई रफ्तार हासिल की है। सांसद रूडी ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी का विशेष स्नेह और आशीर्वाद सारण को प्राप्त हुआ है, जिसके परिणामस्वरूप आज यह क्षेत्र उत्तर बिहार के विकास का नया केंद्र बनकर उभर रहा है। उन्होंने बताया कि वर्तमान में सारण में लगभग 37 हजार करोड़ रुपये की परियोजनाओं पर कार्य चल रहा है तथा पिछले तीन महीनों में लगभग 28 हजार करोड़ रुपये की नई परियोजनाओं को स्वीकृति प्राप्त हुई है। उन्होंने बताया कि गंगा नदी पर दो नए विशाल पुलों का निर्माण प्रस्तावित है। एक पुल दीघा-बाकरपुर-सोनपुर क्षेत्र को जोड़ेगा, जबकि दूसरा शेरपुर-दिघवारा क्षेत्र में बनाया जाएगा। इसके अतिरिक्त माझी, डोरीगंज, दिघवारा, जेपी सेतु के समानांतर प्रस्तावित छह लेन पुल तथा हाजीपुर क्षेत्र में विकसित हो रही परियोजनाओं के कारण सारण उत्तर बिहार का सबसे महत्वपूर्ण संपर्क केंद्र बनने की दिशा में अग्रसर है। सांसद रूडी ने कहा कि लगभग 6000 करोड़ रुपये की लागत वाली बाकरपुर-डुमरियाघाट सुपर एक्सप्रेस-वे परियोजना का कार्य प्रारंभ हो चुका है। इसके साथ ही कोन्हुआ से गोपालगंज तक लगभग 92 किलोमीटर लंबे सुपर एक्सप्रेस-वे को भी स्वीकृति मिल चुकी है। शेरपुर-दिघवारा पुल से जुड़ने वाली उत्तर रिंग रोड परियोजना, छपरा-मुजफ्फरपुर एनएच-722 के चौड़ीकरण, रेवा घाट पुल तथा छपरा बाईपास के सिक्स लेन विस्तार जैसी परियोजनाएं क्षेत्र के विकास को नई गति प्रदान करेंगी। उन्होंने कहा कि बिहार सरकार और केंद्र सरकार के सहयोग से गंगा के उत्तरी तट पर ‘मां अंबिका भवानी गंगा पथ’ विकसित करने की महत्वाकांक्षी योजना पर कार्य किया जा रहा है। इसका उद्देश्य गंगा के प्रवाह को वर्षभर बनाए रखते हुए सारण को देश के सबसे आकर्षक पर्यटन स्थलों में विकसित करना है। इस परियोजना से धार्मिक, सांस्कृतिक और पर्यटन गतिविधियों को व्यापक बढ़ावा मिलेगा। जल प्रबंधन के क्षेत्र में सारण को देश के लिए मॉडल जिला बताते हुए सांसद रूडी ने कहा कि लगभग 11 हजार करोड़ रुपये की गंडक जल परियोजना को स्वीकृति मिल चुकी है, जिसके माध्यम से उन क्षेत्रों तक भी वर्षभर पानी पहुंचाया जाएगा जहां आज सिंचाई की पर्याप्त व्यवस्था नहीं है। इसके अतिरिक्त लगभग 1400 करोड़ रुपये की लागत से सारण की विभिन्न नदियों और जलधाराओं को आपस में जोड़ने की योजना को भी मंजूरी मिल चुकी है। इस परियोजना के तहत जिले की लगभग 640 किलोमीटर लंबी नदी एवं जलधारा प्रणाली को पुनर्जीवित किया जाएगा, जिससे वर्षभर जल उपलब्धता सुनिश्चित हो सकेगी। उन्होंने कहा कि सारण को देश के पहले SCADA आधारित स्मार्ट सिंचाई मॉडल जिले के रूप में विकसित किया जाएगा। प्रधानमंत्री मोदी की परिकल्पना के अनुरूप यहां ऐसी डिजिटल जल प्रबंधन प्रणाली स्थापित होगी, जिसमें किसान आधुनिक तकनीक का उपयोग कर अपने खेतों तक पानी की आपूर्ति नियंत्रित कर सकेंगे। जिस प्रकार एटीएम कार्ड के माध्यम से बैंकिंग सेवाओं का उपयोग किया जाता है, उसी प्रकार किसान भी तकनीक आधारित प्रणाली के माध्यम से जल प्रबंधन कर सकेंगे। यह परियोजना पहले सारण में पायलट मॉडल के रूप में लागू होगी तथा इसकी सफलता के बाद देश के अन्य क्षेत्रों में भी विस्तार किया जाएगा। उन्होंने कहा कि यह कृषि क्षेत्र में तकनीकी क्रांति का नया अध्याय सिद्ध होगा।
भूमि अधिग्रहण से जुड़े विषय पर सांसद रूडी ने कहा कि किसानों के हितों की पूर्ण सुरक्षा सरकार की प्राथमिकता है। किसानों को नियमानुसार बेहतर मुआवजा उपलब्ध कराया जाएगा तथा विकास से उत्पन्न होने वाले लाभों में उनकी भागीदारी सुनिश्चित करने की दिशा में भी प्रयास किए जा रहे हैं, ताकि आने वाली पीढ़ियां भी लाभान्वित हो सकें। सांसद रूडी ने कहा कि सोनपुर क्षेत्र में दक्षिण एशिया के सबसे बड़े विमानन केंद्र के विकास की दिशा में कार्य चल रहा है। यह परियोजना केवल बिहार ही नहीं बल्कि नेपाल, भूटान, बांग्लादेश, पूर्वोत्तर भारत, झारखंड तथा पूर्वी उत्तर प्रदेश के लिए भी महत्वपूर्ण साबित होगी। उन्होंने कहा कि बिहार को फ्लाइंग ट्रेनिंग, एयरो स्पोर्ट्स और विमानन शिक्षा का राष्ट्रीय केंद्र बनाने की दिशा में भी व्यापक कार्ययोजना तैयार की गई है, जिससे राज्य के युवाओं को नए अवसर प्राप्त होंगे।
अंत में सांसद रूडी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत ने आतंकवाद, नक्सलवाद और सुरक्षा चुनौतियों के विरुद्ध निर्णायक सफलता प्राप्त की है। देश की आर्थिक शक्ति, वैश्विक प्रतिष्ठा और निवेश आकर्षित करने की क्षमता में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि आने वाले वर्षों में बिहार निवेश, उद्योग और रोजगार का प्रमुख केंद्र बनेगा तथा विकसित भारत के निर्माण में अग्रणी भूमिका निभाएगा।

