रायगढ़, 15 जून (आरएनएस)। कोतरारोड़ पुलिस ने ट्रेलर वाहन किराये पर लेकर उसे बेच देने वाले शातिर ठग को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। आरोपी ने फर्जी नाम, फर्जी किरायानामा और ब्लैंक चेक का सहारा लेकर वाहन मालिक से लाखों रुपये की धोखाधड़ी की थी। मामले में उसके एक अन्य साथी की तलाश जारी है।
पुलिस के अनुसार गोरखा निवासी हरदीप सिंह ने शिकायत दर्ज कराई थी कि वर्ष 2024 में एक व्यक्ति ने स्वयं को राकेश डनसेना बताकर उसका ट्रेलर वाहन किराये पर लिया था। दोनों के बीच प्रतिमाह 80 हजार रुपये किराया तय हुआ और 7 नवंबर 2024 को किरायानामा भी तैयार किया गया। भरोसा दिलाने के लिए आरोपी ने एचडीएफसी बैंक का हस्ताक्षरयुक्त ब्लैंक चेक भी दिया था। वाहन लेने के कुछ दिनों बाद आरोपी का मोबाइल बंद हो गया और न तो किराया मिला, न ही वाहन वापस किया गया।
जांच के दौरान पता चला कि खुद को राकेश डनसेना बताने वाला व्यक्ति वास्तव में ग्राम गहलोई, थाना पुसौर निवासी सुदामा प्रधान उर्फ छोटू था। इसके बाद थाना कोतरारोड़ में भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देश पर थाना प्रभारी निरीक्षक शील आदित्य सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने आरोपी की तलाश तेज की। मुखबिर से मिली सूचना पर कोतरारोड़ और कोतवाली पुलिस की संयुक्त टीम ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की।
पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि उसने अपने साथी गुरप्रीत सिंह के साथ मिलकर वाहन हड़पने की योजना बनाई थी। गुरप्रीत ने वाहन मालिक को एनटीपीसी लारा में वाहन चलाने का झांसा दिया, जबकि सुदामा प्रधान ने फर्जी पहचान के जरिए किराये का सौदा किया। बाद में दोनों आरोपी ट्रेलर वाहन क्रमांक सीजी 15 एसी 4476 को रायपुर ले गए और गुढिय़ारी क्षेत्र में हार्स व ट्राला सहित 5 लाख 20 हजार रुपये में बेच दिया। बिक्री से मिली रकम दोनों ने आपस में बांट ली।
आरोपी ने पूछताछ में वाहन चोरी और मोबाइल चोरी की कुछ पुरानी घटनाओं में भी संलिप्तता स्वीकार की है, जिनकी अलग से जांच की जा रही है। पुलिस के अनुसार बेचे गए वाहन को काटकर कबाड़ किए जाने की जानकारी मिली है। मामले में फरार सह आरोपी गुरप्रीत सिंह की तलाश जारी है।
एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि फर्जी दस्तावेजों और छल-कपट के जरिए लोगों की मेहनत की कमाई हड़पने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी। पुलिस मामले के अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।
0
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

